विनोद सैनी, हिसार। हरियाणा के लोक निर्माण और जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री रणबीर गंगवा ने शनिवार को बरवाला में अलग-अलग सरकारी विभागों के अफसरों के साथ एक बड़ी समीक्षा बैठक की। इस बैठक में उन्होंने इलाके में चल रहे विकास कार्यों की मौजूदा स्थिति की बारीकी से रिपोर्ट ली। बैठक में जन स्वास्थ्य विभाग, लोक निर्माण विभाग, मार्केटिंग बोर्ड, नगर परिषद और पंचायत विभाग सहित तमाम बड़े अधिकारी मौजूद रहे। कैबिनेट मंत्री ने साफ शब्दों में चेतावनी दी कि जनता के कामों में किसी भी तरह की ढिलाई या लापरवाही को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

सड़कों, सीवरेज और पानी की सप्लाई पर रहा मुख्य जोर
बैठक के दौरान कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा ने बरवाला के हर वार्ड और इलाके के अनुसार सड़कों की हालत, सीवरेज व्यवस्था और पीने के पानी की सप्लाई जैसे जरूरी जनहित के कामों की समीक्षा की। उन्होंने अफसरों से पूछा कि पिछले दिनों दिए गए निर्देशों पर अब तक क्या कार्रवाई हुई है। काम की धीमी रफ्तार को लेकर उन्होंने अधिकारियों से सीधे जवाब-तलब किया।

उन्होंने निर्देश दिए कि जो भी काम अभी रुके हुए हैं, उन्हें एक तय समय के अंदर और अच्छी क्वालिटी के साथ पूरा किया जाए ताकि आम जनता को रोजमर्रा की दिक्कतों से परेशान न होना पड़े।
अनावश्यक देरी करने वाले अधिकारियों पर होगी विभागीय कार्रवाई
कुछ विभागों के काम की सुस्त चाल पर गहरी नाराजगी जताते हुए कैबिनेट मंत्री ने अधिकारियों को अपना रवैया सुधारने की नसीहत दी। उन्होंने कहा कि अफसरशाही को अपनी सोच बदलनी होगी और जनता की समस्याओं का निपटारा सबसे पहले करना होगा। अगर किसी भी काम में बिना वजह की देरी या लापरवाही सामने आई, तो जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ तुरंत विभागीय कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि सरकार पूरी तरह से पारदर्शी यानी साफ-सुथरी और जवाबदेह शासन व्यवस्था देने के लिए काम कर रही है। अफसरों की यह जिम्मेदारी बनती है कि वे सरकार की योजनाओं का फायदा समाज के आखिरी व्यक्ति तक पहुंचाएं।

