पूर्व मंत्री कैप्टन अजय सिंह यादव ने रेवाड़ी के हिंदू स्कूल में मतदान किया और सत्ता पक्ष पर प्रशासनिक मशीनरी के दुरुपयोग व चुनाव में धांधली का आरोप लगाया।
धनेश, रेवाड़ी। हरियाणा के पूर्व मंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता कैप्टन अजय सिंह यादव ने रविवार को रेवाड़ी नगर के हिंदू वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में पहुंचकर अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इस अवसर पर उनके साथ उनकी धर्मपत्नी शकुंतला यादव और पुत्र एवं पूर्व विधायक चिरंजीव राव भी मौजूद रहे। मतदान प्रक्रिया पूरी करने के बाद दोनों नेताओं ने आम जनता से लोकतंत्र के इस महापर्व में बढ़-चढ़कर भागीदारी करने और निर्भीक होकर वोट डालने की पुरजोर अपील की।
निष्पक्ष चुनाव और धांधली के आरोप
मतदान के पश्चात मीडिया से रूबरू होते हुए कैप्टन अजय सिंह यादव ने कहा कि मतदान बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर द्वारा दिया गया सबसे बड़ा संवैधानिक अधिकार है। हालांकि, उन्होंने चुनाव की शुचिता पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि रेवाड़ी और धारूहेड़ा में निष्पक्ष चुनाव नहीं हो रहे हैं। कैप्टन ने दावा किया कि चुनाव में धनबल का जमकर दुरुपयोग किया जा रहा है और ‘साम-दाम-दंड-भेद’ की नीति अपनाई जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस प्रशासन द्वारा कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर अनावश्यक दबाव बनाकर उन्हें परेशान किया जा रहा है, जो लोकतांत्रिक मूल्यों के सीधे खिलाफ है।
प्रशासनिक मशीनरी के दुरुपयोग का दावा
पूर्व विधायक चिरंजीव राव ने भी सत्ता पक्ष को घेरते हुए प्रशासनिक मशीनरी के दुरुपयोग का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि धारूहेड़ा में फर्जी मतदान के गंभीर मामले सामने आए हैं, जहाँ महिला मतदाताओं के पहुंचने से पहले ही उनके वोट डाले जा चुके थे। राव ने कहा कि भाजपा लोकतंत्र का गला घोंटने का प्रयास कर रही है, लेकिन कांग्रेस कार्यकर्ता मजबूती से डटे हुए हैं। उन्होंने पूरा विश्वास जताया कि रेवाड़ी नगर परिषद से निहारिका चौधरी और धारूहेड़ा नगर पालिका से कुमारी राज भारी बहुमत से जीत दर्ज करेंगी।

