कुमार इंदर, जबलपुर। मध्य प्रदेश के जबलपुर में उफनती नदी को पार करने की लापरवाही जानलेवा साबित हुई। तेंदूखेड़ा के पास नदी पर बने एक पुल को पार करते समय एक बुलेरो गाड़ी पानी के तेज बहाव में बह गई। इस दर्दनाक हादसे में गाड़ी चला रहे व्यक्ति की डूबने से मौत हो गई, जबकि गाड़ी में सवार तीन अन्य लोग जैसे-तैसे अपनी जान बचाने में सफल रहे।
नहीं लगा पाए अंदाजा
दरअसल हादसा उस समय हुआ जब बुलेरो सवार लोग वापस लौट रहे थे। रास्ते में तेंदूखेड़ा के पास नदी का जलस्तर बढ़ा हुआ और पानी पुल के ऊपर से बह रहा था। गाड़ी में सवार लोग पुल के ऊपर बह रहे पानी की रफ्तार और गहराई का सही अंदाजा नहीं लगा पाए। उन्होंने पानी के बीच से ही गाड़ी निकालने का प्रयास किया, लेकिन बीच पुल पर पहुंचते ही बुलेरो नदी के तेज और अनियंत्रित बहाव की चपेट में आ गई और बह गई।
MP Weather Update: मध्य प्रदेश के 19 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी, खंडवा-हरदा में रेड अलर्ट जारी
सदर कैंट निवासी रवि पिल्ले की मौत, 3 सुरक्षित
हादसे में जान गंवाने वाले व्यक्ति की पहचान रवि पिल्ले जबलपुर सदर कैंट इलाके के निवासी थे। बताया जा रहा है कि बुलेरो में सवार सभी लोग एक शराब कंपनी से जुड़े हुए थे और काम के सिलसिले में ही दौरे पर निकले थे। गाड़ी के बहते ही उसमें सवार अन्य तीन लोगों ने सूझबूझ दिखाई और समय रहते सुरक्षित बाहर निकल आए, जिससे उनकी जान बच गई। प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि वर्षाकाल में उफनती नदियों और पुल के ऊपर से बहते पानी को पार करने का जोखिम कतई न उठाएं।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

