प्रयागराज. अगर आप या आपके परिवार का कोई छात्र यूपी बोर्ड (UP Board) की हाईस्कूल इम्प्रूवमेंट या कम्पार्टमेंट या इंटरमीडिएट कम्पार्टमेंट परीक्षा-2026 में शामिल हुआ है और कोई फोन कर कहे कि “पैसे दो, नंबर बढ़वा देंगे”, तो तुरंत सावधान हो जाइए. यह कॉल किसी बोर्ड अधिकारी का नहीं, बल्कि साइबर ठगों का हो सकता है.

उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (UPMSP) के सचिव भगवती सिंह ने सोमवार को सार्वजनिक चेतावनी जारी करते हुए बताया कि रिजल्ट के समय साइबर अपराधी छात्रों और अभिभावकों को फोन कर अंक बढ़ाने, पास कराने या डेटाबेस में बदलाव कराने का झांसा देकर ठगी की कोशिश कर सकते हैं. ठग खुद को बोर्ड का अधिकारी या कर्मचारी बताकर फर्जी पहचान भी बना सकते हैं.

इसे भी पढ़ें : विधानसभा सत्र और सावन पूजा के बीच लगा दरबार, शिकायतों पर CM योगी ने पुलिस कप्तानों की जवाबदेही तय करने के दिए निर्देश

UP Board ने साफ किया है कि परिषद कभी भी किसी छात्र से फोन कर अंक बढ़ाने या रिजल्ट में बदलाव के लिए पैसे नहीं मांगती. ऐसे किसी भी कॉल, मैसेज या ईमेल पर भरोसा न करें और अपनी रोल नंबर, बैंक खाते, ओटीपी या अन्य निजी जानकारी किसी के साथ साझा न करें. बोर्ड ने चेतावनी दी है कि ऐसे मामलों में उत्तर प्रदेश पुलिस के सहयोग से साइबर अपराधियों के खिलाफ आईटी एक्ट और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जाएगी.

यूपी बोर्ड ने छात्रों और अभिभावकों से अपील की है कि “नंबर बढ़ाने” या “रिजल्ट बदलवाने” के किसी भी झांसे में न आएं. बोर्ड से जुड़ी हर आधिकारिक सूचना केवल UPMSP के अधिकृत माध्यमों से ही प्राप्त करें. साइबर ठगों से सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध कॉल की तत्काल शिकायत करें.

इसे भी पढ़ें : 1133 दिन, 127 सुनवाई… महिला पहलवानों के यौन शोषण मामले में बृजभूषण सिंह बरी, कहा- ‘होइहि सोइ जो राम रचि राखा’

ऐसा कॉल आए तो तुरंत करें ये काम

  • कॉल की रिकॉर्डिंग या स्क्रीनशॉट सुरक्षित रखें.
  • संबंधित मोबाइल नंबर के साथ अपने जिले के जिला विद्यालय निरीक्षक (DIOS) को सूचना दें.
  • राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर तुरंत शिकायत दर्ज कराएं.
  • बोर्ड के संबंधित क्षेत्रीय कार्यालय के अपर सचिव को भी जानकारी दें.

इन नंबरों पर भी दे सकते हैं सूचना

मेरठ: 9454457256 | 0121-2660742

बरेली: 9415060575 | 0581-2583044

प्रयागराज: 9410077710 | 0532-2423365

वाराणसी: 9450964432 | 0542-2509990

गोरखपुर: 9415259462 | 0551-2205271