मनेंद्र पटेल, दुर्ग। सुपेला थाना क्षेत्र में अपने मकान मालिक से विश्वासघात कर चोरी का एक अनोखा मामला सामने आया है। अपने बॉयफ्रेंड की आर्थिक मदद करने के लिए एक युवती ने उसी घर में चोरी कर ली, जहां वह पिछले दो वर्षों से केयरटेकर और घरेलू सहायक के रूप में रह रही थी। पुलिस ने आरोपी महिला और उसके प्रेमी को रायपुर से गिरफ्तार किया है।

एएसपी मणिशंकर चंद्रा ने बताया कि सूर्या विहार कॉलोनी जुनवानी निवासी रोहन कुखरानिया ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी वृद्ध मां की देखभाल के लिए वर्ष 2024 में ममता चौहान को लाइफ होम केयर सर्विस के माध्यम से रखा गया था। मां के निधन के बाद भी ममता परिवार के साथ रहकर घरेलू कामकाज करती रही। लंबे समय तक घर में रहने के कारण उसे घर की पूरी व्यवस्था और अलमारी में रखी नकदी की जानकारी थी।

narayana

26 और 27 जून को परिवार में भतीजी की शादी का कार्यक्रम था। शादी की व्यस्तता और भीड़भाड़ का फायदा उठाकर ममता ने अलमारी से 24 हजार रुपए निकाल लिए और बिना किसी को बताए घर छोड़कर चली गई। बाद में नकदी गायब मिलने पर परिवार ने सुपेला थाने में शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस ने तकनीकी जांच और मोबाइल लोकेशन के आधार पर ममता और उसके प्रेमी शीतल वर्मा को रायपुर से गिरफ्तार किया। पूछताछ में ममता ने बताया कि उसके प्रेमी को पैसों की जरूरत थी और उसी के कहने पर उसने चोरी की थी। पुलिस ने आरोपियों के पास से 23,500 रुपए नकद और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। दोनों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H