यमन के पास लाल सागर में एक बार फिर समुद्री लुटेरों से जहाज की सुरक्षा को लेकर प्रश्न खड़ा हो गया है. ब्रिटिश सेना ने बताया कि रविवार को यमन के तट के पास लाल सागर में एक कार्गो जहाज पर हमला हुआ है. यह हमला यमन के पश्चिमी तट पर स्थित होदेदा शहर से करीब 55 किलोमीटर दक्षिण-पश्चिम में अज्ञात हथियारबंद हमलावरों ने किया. ब्रिटेन की समुद्री सुरक्षा एजेंसी UKMTO ने घटना की पुष्टि करते हुए जांच शुरू कर दी है.

अभी तक किसी संगठन ने हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है. होदेदा शहर पर इस समय ईरान समर्थित हूती (Houthi) विद्रोहियों का नियंत्रण है.

ब्रिटेन की UKMTO ने बताया कि जहाज से सूचना मिली कि उस पर हथियारबंद लोगों ने हमला किया है. मामले की जांच अभी भी जारी है. UKMTO के अनुसार, एक छोटी नाव बल्क कैरियर के पास आई और गोलीबारी शुरू कर दी, जिससे जहाज के सुरक्षा गार्डों को भी जवाबी कार्रवाई करनी पड़ी. इसके बाद हमलावर नाव अपना ऑटोमैटिक आइडेंटिफिकेशन सिस्टम बंद करके दूसरी तरफ भाग गया.

UKMTO ने बताया कि जहाज को हुए नुकसान या चालक दल की स्थिति के बारे में कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है. हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है.

हालांकि संदेह की सूई ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों पर जा रही है क्योंकि पहले लाल सागर से गुजरने वाले जहाजों को निशाना बनाने की धमकी दी थी. वहीं, ब्रिटिश समुद्री सुरक्षा एजेंसियां पूरे घटना पर नजर बनाए हुए हैं और जहाजों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है.

दूसरी ओर, अदन की खाड़ी में सोमाली समुद्री लुटेरे भी सक्रिय हो गए हैं. 1 जुलाई को भी दक्षिण-पूर्वी यमन में  संदिग्ध समुद्री लुटेरों ने एक जहाज पर हमला किया. इस घटना में छोटे हथियारों से लैस चार लोगों ने जहाज के ब्रिज को मामूली नुकसान पहुंचाया था.

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m