सतीश सिंह, लखनऊ. बुलंदशहर की डिबाई विधानसभा सीट से दो बार विधायक रहे भगवान शर्मा उर्फ गुड्डू पंडित पर अपनी पत्नी से मारपीट का आरोप लगा है. पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने पूर्व विधायक के खिलाफ नगर कोतवाली में एफआईआर दर्ज की है. वहीं घटना की निंदा करते हुए बीजेपी महिला मोर्चा ने सोशल मीडिया पर वीडियो शेयर करते हुए लिखा है कि लड़कों से गलती हो जाती है कहने वाली पार्टी के नेता से ऐसी ही अपेक्षा की जा सकती है.
गुड्डू पंडित सपा और बसपा के टिकट पर दो बार विधायक रहे हैं. उनका सोशल मीडिया पर अपनी पत्नी के साथ मारपीट करते वीडियो वायरल हो रहा है. वायरल वीडियो में वह अपनी पत्नी व कांग्रेस महिला सभा की प्रदेश उपाध्यक्ष अर्चना पांडा के साथ मारपीट करते नजर आ रहे हैं. वायरल वीडियो में उनकी पत्नी झाड़ू से पीटते हुए नजर आ रही हैं.
इसे भी पढ़ें : काला धन, सफेद हो गया! 6 पार्टियों को मिले 5500 करोड़ के चुनावी चंदे को लेकर संजय सिंह का बड़ा हमला, जानिए आखिर ऐसा क्या कहा?
तहरीर पर मुकदमा दर्ज
अर्चना का कहना है कि वह अपने बेटे के साथ घर के अंदर थीं. गुड्डू पंडित आए और दरवाजा खटखटाते हुए चिल्लाने लगे. पीड़िता जब दरवाजा खोलने गई, तो आरोपी ने उन्हें जबरन धक्का देकर फर्श पर गिरा दिया. अश्लील और अपमानजनक शब्दों का भी इस्तेमाल किया. वीडियो वायरल होने के बाद अर्चना पांडा ने कोतवाली नगर थाने में तहरीर दी थी, जिसके बाद पुलिस ने वीडियो के आधार पर पूर्व विधायक गुड्डू पंडित के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है. सीओ सिटी प्रखर पांडेय ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया है. हालांकि यह मामला पति-पत्नी के बीच का है.



