बोकारो। केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) की उप महानिरीक्षक शिप्रा श्रीवास्तव और उनके पति जीवनलाल लाविदिया, जो आयकर विभाग में आयुक्त के पद पर कार्यरत हैं, के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति के मामले में CBI ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

1.11 करोड़ रुपये की संपत्ति अधिक होने का आरोप

CBI के अनुसार, जीवनलाल लाविदिया ने 1 अप्रैल 2022 से 10 मई 2025 के बीच अपनी आय के ज्ञात स्रोतों से अधिक संपत्ति अर्जित की। इस अवधि में उनकी कुल आय 1,95,74,358 रुपये बताई गई है, जबकि संपत्ति और खर्च का कुल मूल्य 3,07,52,247 रुपये आंका गया है।

इस हिसाब से उनकी आय से अधिक संपत्ति 1,11,77,889 रुपये बताई गई है, जो उनकी ज्ञात आय से करीब 57.10 प्रतिशत अधिक है।

पत्नी पर भी सहयोग का आरोप

CBI की प्राथमिकी के मुताबिक, CISF DIG शिप्रा श्रीवास्तव पर आरोप है कि उन्होंने अपने पति के साथ कथित तौर पर आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने में सहयोग किया। मामले में CBI ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

दोनों अलग-अलग शहरों में पदस्थ

शिप्रा श्रीवास्तव वर्तमान में CISF नॉर्थ ईस्ट सेक्टर, गुवाहाटी मुख्यालय में DIG के पद पर कार्यरत हैं। वहीं उनके पति जीवनलाल लाविदिया हैदराबाद में आयकर आयुक्त के पद पर सेवारत हैं।