Khatushyamji Chain Snatching Gang: राजस्थान के मशहूर धार्मिक स्थल खाटूश्यामजी में इन दिनों श्रद्धालुओं की भारी भीड़ का फायदा उठाकर शातिर चेन स्नैचिंग गिरोह एक्टिव हो गया है। ताजा मामला हरियाणा के सिरसा से आई एक महिला श्रद्धालु का है, जिसकी सोने की चेन 5 महिलाओं के एक शातिर गिरोह ने पलक झपकते ही उड़ा दी। हालांकि, इस बार बदमाशों की किस्मत खराब थी और पूरी वारदात पास की दुकान में लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरे में कैद हो गई।

दर्शन के बाद श्याम कुंड जाते वक्त हुई वारदात
दरअसल, सिरसा के रहने वाले नीरज रोहिल्ला ने बताया कि वह 19 अप्रैल को परिवार के 7 सदस्यों के साथ बाबा श्याम के दरबार पहुंचे थे। सुबह करीब सवा नौ बजे जब परिवार दर्शन कर श्याम कुंड की तरफ बढ़ रहा था, तभी भीड़ का फायदा उठाकर महिलाओं के इस गिरोह ने उनकी मां को निशाना बनाया। महज कुछ ही सेकंड के भीतर आरोपियों ने गले से सोने की चेन तोड़ ली और रफूचक्कर हो गईं।
CCTV फुटेज और दुकानदारों की मुस्तैदी आई काम
घटना के बाद जब पीड़ित परिवार ने शोर मचाया, तो आसपास के दुकानदारों ने सीसीटीवी फुटेज खंगालने में मदद की। फुटेज में साफ दिखा कि कैसे 5 महिलाएं घेरा बनाकर वारदात को अंजाम दे रही थीं। गौरतलब है कि वारदात के करीब एक घंटे बाद वही महिलाएं दोबारा उसी जगह शिकार की तलाश में लौटीं, तभी मुस्तैद दुकानदारों और होमगार्ड के जवानों की मदद से उन्हें धर दबोचा गया।
पंजाब से आता है यह गिरोह, 5 साल से दे रहे चकमा
जांच अधिकारी राहुल चौधरी ने बताया कि पकड़ी गई महिलाएं पंजाब के संगरूर, पटियाला और मलेर कोटला की रहने वाली हैं। पूछताछ में चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। जानकारी के अनुसार यह गिरोह पिछले करीब 5 सालों से धार्मिक मेलों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में सक्रिय है। खासकर रविवार और एकादशी जैसे भीड़ वाले दिनों में ये गिरोह राजस्थान और आसपास के राज्यों में वारदात करता है। हैरानी की बात यह है कि पुलिस इन्हें पहले भी हिरासत में ले चुकी है, लेकिन सबूतों की कमी के चलते ये हर बार बच निकलती थीं।
पुलिस की अपील और अगली कार्रवाई
फिलहाल खाटूश्यामजी थाना पुलिस ने पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और उनसे कड़ी पूछताछ की जा रही है। पुलिस को शक है कि इस गिरोह ने हाल के दिनों में कई और वारदातों को अंजाम दिया होगा। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि भीड़भाड़ वाली जगहों पर अपने गहनों और कीमती सामान का विशेष ध्यान रखें।
पढ़ें ये खबरें
- UP Monsoon Session 2026 : मानसून सत्र का पहला दिन, विधानसभा और विधान परिषद में हंगामे के आसार
- MP Morning News: मध्य प्रदेश में आज क्या कुछ रहेगा खास? इन खबरों पर रहेगी नजर
- सावन की पहली सोमवारी पर शिवालयों में उमड़ी भीड़, तेजस्वी यादव ने किया हरिहरनाथ मंदिर में जलाभिषेक
- कॉमनवेल्थ में हरियाणा का डंका, लेकिन खिलाड़ियों को नौकरी नहीं
- CG Weather Today : राजधानी में बादल छंटते ही उमस भरी गर्मी से लोग परेशान, आज इन क्षेत्रों में बारिश की संभावना

