केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) जल्द ही 10वीं सेकंड बोर्ड परीक्षा 2026 का रिजल्ट जारी कर सकता है। बोर्ड ने रिजल्ट जारी करने की तैयारियां पूरी कर ली हैं और उम्मीद है कि परिणाम किसी भी समय आधिकारिक वेबसाइट पर जारी किए जा सकते हैं। इस परीक्षा में 6 लाख से अधिक छात्र-छात्राएं शामिल हुए थे। सेकंड एग्जाम का रिजल्ट जारी होने के साथ ही सभी 17 लाख से अधिक विद्यार्थियों की फाइनल मार्कशीट भी उपलब्ध करा दी जाएगी।
इन वेबसाइट्स पर चेक कर सकेंगे रिजल्ट
CBSE 10वीं सेकंड बोर्ड परीक्षा का रिजल्ट जारी होने के बाद छात्र cbse.gov.in, cbseresults.nic.in, DigiLocker और UMANG App के माध्यम से अपना परिणाम देख सकेंगे।
रिजल्ट चेक करने के लिए छात्रों को निम्न विवरण तैयार रखना होगा—
- रोल नंबर
- स्कूल नंबर
- एडमिट कार्ड आईडी
- जन्म तिथि (dd/mm/yyyy)
फाइनल मार्कशीट और मेरिट सर्टिफिकेट भी होंगे जारी
CBSE सेकंड बोर्ड परीक्षा के परिणाम के साथ 10वीं बोर्ड परीक्षा 2026 की फाइनल मार्कशीट भी जारी करेगा। अभी तक छात्रों को केवल प्रोविजनल मार्कशीट दी गई थी। बोर्ड अपनी एकेडमिक रिपॉजिटरी ‘परिणाम मंजूषा’ के जरिए फाइनल मार्कशीट, पासिंग सर्टिफिकेट और मेरिट सर्टिफिकेट उपलब्ध कराएगा। यह प्रणाली DigiLocker से इंटीग्रेटेड है, जहां छात्र अपने दस्तावेज डाउनलोड कर सकेंगे।
तीन विषयों में ही मिला था सेकंड एग्जाम का मौका
CBSE ने शैक्षणिक सत्र 2026 से 10वीं बोर्ड परीक्षा में सेकंड एग्जाम की नई व्यवस्था लागू की है। इसके तहत केवल मुख्य परीक्षा में शामिल छात्र ही अधिकतम तीन विषयों में दोबारा परीक्षा दे सकते हैं। मुख्य परीक्षा का रिजल्ट 16 अप्रैल 2026 को घोषित किया गया था, जिसमें 93.70 प्रतिशत विद्यार्थी सफल रहे थे।
बेहतर स्कोर को ही माना जाएगा अंतिम परिणाम
CBSE ने स्पष्ट किया है कि मुख्य परीक्षा और सेकंड बोर्ड परीक्षा में से जिस परीक्षा में छात्र का प्रदर्शन बेहतर होगा, उसी के अंकों को अंतिम परिणाम माना जाएगा। इससे विद्यार्थियों को बिना एक वर्ष गंवाए अपने प्रदर्शन में सुधार का अवसर मिलेगा।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

