गुजरात के भावनगर जिले के पालीताना तालुक के गरजिया गांव से सोमवार को एक बेहद चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहां एक शेरनी ने पशुपालक कालूभाई बोगभाई परमार पर हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि शेरनी ने करीब 30 मिनट तक उन्हें अपने पंजों के नीचे दबोचे रखा। इस दौरान अपनी जान बचाने के लिए परमार लगातार शांत रहने की कोशिश करते रहे और शेरनी को सहलाते रहे। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

सुबह चारा खिलाने जाते समय किया हमला

घायल कालूभाई परमार के मुताबिक, सोमवार सुबह करीब 10:30 बजे वह अपनी गाय को चारा खिलाने जा रहे थे। इसी दौरान अचानक एक शेरनी ने पीछे से उन पर हमला कर दिया। हमले में वह जमीन पर गिर पड़े और शेरनी ने उनका हाथ अपने मुंह में दबोच लिया। बचने की कोशिश में उन्होंने शेरनी को खरोंचा, जिसके बाद उसने उनके पैर पर भी काट लिया।

अस्पताल में चल रहा इलाज, वन विभाग जांच में जुटा

घटना में घायल परमार को तत्काल पालीताना अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि घटना के कारणों और परिस्थितियों की जांच की जा रही है।

गांव में दहशत, पहले भी लोगों पर झपटने की कोशिश

गरजिया गांव की सरपंच के पति सावजीभाई ने बताया कि शेरनी ने कालूभाई पर हमला करने से पहले कुछ अन्य ग्रामीणों पर भी झपटने की कोशिश की थी, लेकिन वे किसी तरह बच निकले। इस घटना के बाद पूरे गांव में भय का माहौल है।

गिर क्षेत्र में बढ़ रही मानव-वन्यजीव टकराव की घटनाएं

भावनगर जिला गिर वन क्षेत्र के प्रभाव वाले इलाकों में आता है, जहां एशियाई शेरों की आवाजाही अक्सर गांवों और खेतों तक देखी जाती है। हाल के दिनों में मानव और वन्यजीवों के बीच टकराव की घटनाओं में बढ़ोतरी ने स्थानीय लोगों की चिंता और सुरक्षा संबंधी सवालों को और गंभीर बना दिया है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m