लखनऊ. उत्तर प्रदेश में जनगणना-2027 की तैयारियां तेज हो गई हैं. इसके तहत लोग 16 नवंबर से 30 नवंबर तक घर बैठे ऑनलाइन अपनी और परिवार की जानकारी दर्ज कर सकेंगे. इसे स्व-गणना कहा गया है. इसके बाद एक दिसंबर से 4 जनवरी 2027 तक जनगणना कर्मचारी घर-घर जाकर लोगों से जानकारी जुटाएंगे. जिला प्रशासन ने इस काम के लिए 24 चार्ज अफसर बनाए हैं. कर्मचारियों का प्रशिक्षण 26 अक्टूबर से शुरू होगा.
इसे भी पढ़ें- Varanasi Air Show: PM मोदी का 7 KM लंबा रोड शो, फिर आसमान में गरजेंगे 100 विमान, वाराणसी में हाई अलर्ट
16 नवंबर से शुरू होगी ऑनलाइन स्व-गणना
जनगणना के पहले चरण में लोगों को खुद ऑनलाइन जानकारी भरने का मौका मिलेगा. इसके लिए स्व-गणना पोर्टल se.census.gov.in का इस्तेमाल किया जा सकेगा. प्रशासन के मुताबिक, सभी विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों को भी स्व-गणना के लिए प्रेरित किया जाएगा. सरकारी कार्यालयों और संस्थानों में पोर्टल का प्रचार किया जाएगा, ताकि ज्यादा से ज्यादा लोग इस सुविधा का लाभ उठा सकें.
40 सवालों के देने होंगे जवाब
स्व-गणना के दौरान लोगों को करीब 40 सवालों के जवाब देने होंगे. इनमें नाम, परिवार के मुखिया से संबंध, लिंग, जन्मतिथि, उम्र, धर्म और जाति जैसी जानकारियां शामिल हैं. कुछ सवाल महिलाओं से संबंधित भी होंगे. लोगों से अपील की गई है कि वे सही जानकारी दर्ज करें, ताकि जनगणना के आंकड़े सटीक रहें.
एक दिसंबर से घर-घर पहुंचेंगे कर्मचारी
ऑनलाइन स्व-गणना की अवधि खत्म होने के बाद एक दिसंबर से 4 जनवरी 2027 तक कर्मचारी घर-घर जाकर जानकारी जुटाएंगे. लखनऊ में करीब 800 लोगों पर एक प्रगणक की तैनाती करने पर विचार किया जा रहा है. 24 चार्ज अफसर पूरी प्रक्रिया की निगरानी करेंगे. 26 अक्टूबर से ब्लॉक स्तर पर प्रशिक्षण शिविर लगाए जाएंगे. इसका उद्देश्य कर्मचारियों को जनगणना की प्रक्रिया और जिम्मेदारियों के बारे में जानकारी देना है.
जनगणना के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी
जनगणना कार्य और नागरिकता पंजीकरण निदेशालय ने सभी विभागों को सहयोग करने के निर्देश दिए हैं. जारी पत्र में कहा गया है कि जनगणना के आंकड़े देश की सामाजिक और आर्थिक स्थिति की आधिकारिक तस्वीर पेश करते हैं. इसलिए कोई भी निवासी गणना से छूटना नहीं चाहिए.
इसे भी पढ़ें- UP PET 2026: आज से शुरू परीक्षा, 60 जिलों में 12 लाख अभ्यर्थी होंगे शामिल, जानें गाइडलाइन
जनगणना से जुड़ी जानकारी के लिए हेल्पलाइन नंबर 1855 जारी किया गया है. इसके अलावा संयुक्त निदेशक आरके राय से मोबाइल नंबर 9044320011 पर संपर्क किया जा सकता है.

