लखनऊ. उत्तर प्रदेश में प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (PET)-2026 आज रविवार, 25 अक्टूबर से शुरू हो रही है. पहले दिन करीब 12 लाख अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे. परीक्षा के लिए प्रदेश के 60 जिलों में 1,372 केंद्र बनाए गए हैं. इस बार कुल 35.41 लाख अभ्यर्थियों ने रजिस्ट्रेशन कराया है. परीक्षा 25 और 30 अक्टूबर के साथ 1 नवंबर को होगी. सभी तीन दिनों में दो-दो शिफ्ट रखी गई हैं.

इसे भी पढ़ें- काशी पहुंचे रक्षा मंत्री: संकट मोचन दरबार में माथा टेक मांगी मन्नत, तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल

दो शिफ्ट में होगी परीक्षा, गेट बंद होने का समय जानें

पहली शिफ्ट सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक होगी. अभ्यर्थियों को सुबह 8 बजे से केंद्र में प्रवेश मिलेगा. सुबह 9:30 बजे गेट बंद कर दिए जाएंगे. दूसरी शिफ्ट दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक होगी. इसके लिए दोपहर 1 बजे से प्रवेश शुरू होगा. दोपहर 1:30 बजे गेट बंद हो जाएंगे. अभ्यर्थियों को समय से केंद्र पहुंचने की सलाह दी गई है.

60 जिलों में 1,372 परीक्षा केंद्र तैयार

PET-2026 के लिए प्रदेश के 60 जिलों में 1,372 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं. परीक्षा तीन दिनों में छह शिफ्ट में पूरी होगी. मुख्य सचिव एसपी गोयल ने जिलाधिकारियों को परीक्षा की तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश दिए थे. परीक्षा में ड्यूटी करने वाले कर्मचारियों को प्रशिक्षण देने को भी कहा गया है.

CCTV से निगरानी, पेपर की सुरक्षा के कड़े इंतजाम

परीक्षा केंद्रों और कोषागारों में लगे CCTV कैमरों से निगरानी की जाएगी. प्रश्नपत्र और परीक्षा से जुड़ी सामग्री पुलिस सुरक्षा में केंद्रों तक पहुंचाई जाएगी. परीक्षा खत्म होने के बाद सामग्री को सुरक्षित स्थान पर जमा कराया जाएगा. अधिकारियों और केंद्र व्यवस्थापकों को अपनी जिम्मेदारी सावधानी से निभाने के निर्देश दिए गए हैं.

इसे भी पढ़ें- सोनभद्र में चोरों का दुस्साहस देख पुलिस भी हैरान! मंदिर से भगवान की मूर्ति चोरी, मचा हड़कंप

नकल करने पर होगी कार्रवाई, अभ्यर्थी रखें ध्यान

परीक्षा में नकल करने, फर्जी अभ्यर्थी बैठाने या किसी तरह की गड़बड़ी करने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी. दोषी पाए जाने पर अभ्यर्थियों को आयोग की आगे होने वाली परीक्षाओं से भी रोका जा सकता है. संबंधित कानून के तहत आजीवन कारावास और एक करोड़ रुपये तक जुर्माने का प्रावधान भी बताया गया है. अभ्यर्थियों को परीक्षा के नियमों का पालन करना होगा.