संजीव घनगस ,गन्नौर । जनगणना 2027 के प्रथम चरण के तहत हाउस लिस्टिंग एवं हाउसिंग सेंसस का कार्य गन्नौर ग्रामीण क्षेत्र में तेजी से जारी है। चार्ज ऑफिसर एवं तहसीलदार ललिता ने कार्य की समीक्षा करते हुए सुपरवाइजरों और गणनाकर्ताओं को निर्देश दिए कि वे निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरी जिम्मेदारी और गंभीरता के साथ कार्य संपन्न करें।

उन्होंने कहा कि वर्तमान में भीषण गर्मी का मौसम है, ऐसे में सभी गणनाकर्ता और सुपरवाइजर अपने स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखें। उन्होंने सलाह दी कि कार्य के दौरान पर्याप्त पानी पीते रहें और धूप से बचाव के लिए आवश्यक सावधानियां अपनाएं, ताकि कार्य सुचारू रूप से चलता रहे।

तहसीलदार ललिता ने बताया कि गन्नौर ग्रामीण क्षेत्र में कुल 328 एचएलबी निर्धारित किए गए हैं, जिनमें से 100 से अधिक एचएलबी का कार्य पूर्ण हो चुका है, जबकि शेष कार्य तेजी से प्रगति पर है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि जनगणना एक राष्ट्रीय महत्व का कार्य है, इसलिए इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी। उन्होंने बताया कि प्रथम चरण का कार्य 30 मई तक पूरा किया जाना है, जिसके अंतर्गत प्रत्येक घर की विस्तृत जानकारी एकत्र की जा रही है।

इसके साथ ही उन्होंने आम नागरिकों से अपील की कि वे गणनाकर्ताओं को सही एवं पूर्ण जानकारी उपलब्ध कराकर सहयोग करें, ताकि यह महत्वपूर्ण कार्य सफलतापूर्वक पूरा किया जा सके।