हेमंत शर्मा,नीमच/इंदौर। मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो (CBN) की मध्य प्रदेश इकाई ने बड़ी कार्रवाई की है। सीबीएन ने 115.160 किलोग्राम अफीम जब्त की है। इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। कार्रवाई 20 जून 2026 को उत्तर प्रदेश के आगरा-जयपुर हाईवे स्थित सिकंदरा टोल प्लाजा पर की गई।
जानकारी के मुताबिक, CBN नीमच को सूचना मिली थी कि झारखंड नंबर की एक हुंडई क्रेटा कार के जरिए गुवाहाटी से जोधपुर तक बड़ी मात्रा में अवैध अफीम की खेप पहुंचाई जा रही है। सूचना मिलते ही CBN नीमच की विशेष टीम गठित की गई और 19 जून को निगरानी शुरू कर दी गई।
ये भी पढ़ें: सराफा व्यापारी के घर फायरिंग मामले का खुलासाः शेयर मार्केट के विवाद में दी गई थी सुपारी, 5 शूटर गिरफ्तार
अधिकारियों ने करीब 2000 किलोमीटर लंबे संभावित मार्ग पर लगातार नजर रखी। संदिग्ध वाहन की पहचान होने के बाद टीम ने आगरा-जयपुर हाईवे पर सिकंदरा टोल प्लाजा के पास कार को रोक लिया। तलाशी के दौरान कार की डिक्की में रखी तीन बोरियों से 109 पैकेट बरामद किए गए, जिनमें कुल 115.160 किलोग्राम अफीम भरी हुई थी। जांच में यह भी सामने आया कि तस्करों ने अफीम की गंध छिपाने के लिए वाहन के अंदर बड़ी मात्रा में परफ्यूम का छिड़काव किया था, ताकि सुरक्षा एजेंसियों को शक न हो सके।
CBN ने आरोपी को एनडीपीएस एक्ट 1985 के तहत गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही अफीम की खेप और इस्तेमाल की गई हुंडई क्रेटा कार को भी जब्त कर लिया गया है। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि यह खेप गुवाहाटी से जोधपुर ले जाई जा रही थी। अब एजेंसी पूरे तस्करी नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। यह पता लगाया जा रहा है कि अफीम कहां से लाई गई थी और इसे किसके पास पहुंचाया जाना था।
ये भी पढ़ें: कड़ी सुरक्षा के बीच NEET परीक्षा के पेपर रवानाः सेना के विमान से आए, 32 केंद्रों पर सीआरपीएफ की पैनी नजर
CBN मध्य प्रदेश के अनुसार, वर्ष 2026 में अब तक 69 प्रकरण दर्ज किए जा चुके हैं और 98 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। विभाग का कहना है कि नशे के कारोबार पर लगाम लगाने और तस्करी के नेटवर्क को तोड़ने के लिए आगे भी इसी तरह की खुफिया आधारित कार्रवाई जारी रहेगी।

