CG Morning News: रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज बिलासपुर जिले के दौरे पर रहेंगे। दौरे से पहले वे रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास से वर्चुअल कार्यक्रम के माध्यम से राजनांदगांव नगर पालिका निगम क्षेत्र के विभिन्न विकास कार्यों का भूमि पूजन करेंगे और शहर को कई विकास कार्यों की सौगात देंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री दोपहर 1 बजे रायपुर से बिलासपुर के लिए रवाना होंगे। बिलासपुर जिले के तखतपुर में वे गौ पूजा करेंगे, व्यवस्थाओं का निरीक्षण करेंगे और ग्रामीणों से चर्चा भी करेंगे।
दोपहर 3 बजे बिलासपुर से “गौधाम योजना” का शुभारंभ करेंगे तथा पशुपालन सम्मेलन कार्यक्रम में भी शामिल होंगे। कार्यक्रमों के बाद मुख्यमंत्री शाम 5 बजे बिलासपुर से रायपुर लौटेंगे। यहां नवा रायपुर में शाम 6 बजे आयोजित “आदि परब 2026” कार्यक्रम में शामिल होने के बाद वे नवा रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास के लिए रवाना होंगे।

घुमंतू और निराश्रित गौवंश के संरक्षण के लिए गौधाम योजना का शुभारंभ
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज बिलासपुर से गौधाम योजना का शुभारंभ करेंगे। इस योजना के तहत प्रदेश में 29 गौधामों का उद्घाटन किया जाएगा। राज्य सरकार ने घुमंतू और निराश्रित गौवंश के संरक्षण के लिए बड़ा लक्ष्य तय किया है। इसके तहत पूरे प्रदेश में 1460 गौधाम स्थापित करने की तैयारी की जा रही है। प्रत्येक गौधाम में करीब 200 गौवंश को रखने की व्यवस्था की जाएगी, ताकि उनके संरक्षण और देखभाल को बेहतर बनाया जा सके।
नवरात्रि पर डोंगरगढ़ में 10 एक्सप्रेस ट्रेनों का अस्थायी ट्रेनों का ठहराव
रायपुर। चैत्र नवरात्रि के दौरान मां बम्लेश्वरी मंदिर डोंगरगढ़ पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए रेलवे ने विशेष व्यवस्था की है। रेलवे की ओर से 19 से 27 मार्च तक डोंगरगढ़ स्टेशन पर 10 एक्सप्रेस ट्रेनों का अस्थायी ठहराव दिया जाएगा। रेलवे के अनुसार इस अवधि में बिलासपुर–भगत की कोठी, भगत की कोठी–बिलासपुर, बिलासपुर–बीकानेर, बीकानेर–बिलासपुर, बिलासपुर–चेन्नई, चेन्नई–बिलासपुर, बिलासपुर–पुणे, पुणे–बिलासपुर, रायपुर–सिकंदराबाद और सिकंदराबाद–रायपुर एक्सप्रेस ट्रेनों का अस्थायी ठहराव डोंगरगढ़ स्टेशन पर रहेगा।
इसके अलावा यात्रियों की सुविधा को देखते हुए गोंदिया–दुर्ग मेमू ट्रेन को रायपुर तक तथा रायपुर–डोंगरगढ़ मेमू को गोंदिया तक विस्तारित किया गया है। साथ ही डोंगरगढ़ और दुर्ग के बीच मेमू स्पेशल ट्रेन भी चलाई जाएगी, ताकि श्रद्धालुओं को यात्रा में किसी तरह की परेशानी न हो।
रायपुर में 3 दिन बंद रहेंगी मांस-मटन की दुकानें
रायपुर। शहर में आगामी धार्मिक पर्वों को ध्यान में रखते हुए नगर निगम ने तीन दिन मांस-मटन की दुकानों को बंद रखने का आदेश जारी किया है। निगम क्षेत्र में 20, 27 और 31 मार्च 2026 को मांस-मटन की बिक्री पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी। निगम प्रशासन के अनुसार 20 मार्च को चेट्रीचंड, 27 मार्च को रामनवमी और 31 मार्च को महावीर जयंती के अवसर पर पशु वध गृह सहित सभी मांस-मटन की दुकानों को बंद रखा जाएगा।
रायपुर में आज होने वाले विभिन्न सामाजिक और धार्मिक आयोजन
राजधानी रायपुर में आज कई सांस्कृतिक और रचनात्मक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
एकल चित्रकला प्रदर्शनी
चित्रकार विजय वरठे की एकल चित्रकला प्रदर्शनी घड़ी चौक के समीप संस्कृति विभाग परिसर स्थित आर्ट गैलरी में शाम 4 बजे से शुरू होगी।
टेक्सचर आर्ट वर्कशॉप
रोटरी क्लब ऑफ ऐलिगेंस के तत्वावधान में होटल सयाजी में टेक्सचर आर्ट वर्कशॉप का आयोजन किया जाएगा। यह वर्कशॉप शाम 4 से 6 बजे तक चलेगी।
महान महिलाओं पर नाट्य प्रस्तुति
महाराष्ट्र मंडल द्वारा संत ज्ञानेश्वर सभागृह में महान महिलाओं पर आधारित नाट्य प्रस्तुति का आयोजन किया जाएगा, जो अपरान्ह 3:30 बजे से शुरू होगी।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

