CG Morning News: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज गरियाबंद जिले के अमलीपदर दौरे पर रहेंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री श्री जगन्नाथ मंदिर पहुंचकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना करेंगे। दोपहर 1 बजकर 5 मिनट में रायपुर से रवाना होंगे। दोपहर 2 से 3 बजे तक अमलीपदर में मंदिर में पूजा-अर्चना के कार्यक्रम में शामिल होंगे।

कांग्रेस का ब्लॉक स्तरीय विरोध-प्रदर्शन

दिल्ली में कांग्रेस नेताओं राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और छात्रों पर हुई कार्रवाई ने अब तूल पकड़ लिया है, जिसका असर छत्तीसगढ़ में भी देखने को मिल रहा है। इस बीच छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने PCC अध्यक्ष दीपक बैज के निर्देश पर 23 जुलाई को पूरे प्रदेश में एक-दिवसीय ब्लॉक स्तरीय विरोध-प्रदर्शन करने का निर्णय लिया है।

रायपुर मंडल की कई मेमू और पैसेंजर ट्रेनें रद्द

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (SECR) के रायपुर मंडल के अंतर्गत भाटापारा और हथबंध रेलवे स्टेशनों के बीच तीसरी लाइन पर ऑटोमैटिक सिग्नलिंग प्रणाली शुरू करने की तैयारी कर ली गई है। इस आधुनिक प्रणाली को लागू करने और संरक्षा कार्यों को गति देने के लिए रेलवे प्रशासन द्वारा 23 और 24 जुलाई को नॉन-इंटरलाकिंग (NI) का कार्य किया जाएगा।

इस तकनीकी कार्य के कारण रेल परिचालन प्रभावित रहेगा, जिसके चलते इस मार्ग पर चलने वाली कई मेमू (MEMU) और पैसेंजर ट्रेनों को रद्द करने का निर्णय लिया गया है। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, ऑटोमैटिक सिग्नलिंग शुरू होने से भविष्य में ट्रेनों की गति में सुधार होगा और परिचालन अधिक सुरक्षित एवं सुगम हो सकेगा।

23 जुलाई को रद्द रहने वाली प्रमुख ट्रेनें

  • 68728 रायपुर-बिलासपुर मेमू
  • 68734 बिलासपुर-गेवरा रोड मेमू
  • 68733 गेवरा रोड-बिलासपुर मेमू
  • 68719 बिलासपुर-रायपुर मेमू
  • 58203 कोरबा-रायपुर पैसेंजर
  • 58204 रायपुर-कोरबा पैसेंजर
  • 68746 रायपुर-गेवरा रोड मेमू

गरज-चमक के साथ बारिश के आसार

छत्तीसगढ़ में मानसून की सक्रियता बनी हुई है। मौसम विभाग के अनुसार, गुरुवार, 23 जुलाई को रायपुर और दुर्ग संभाग सहित प्रदेश के कई हिस्सों में अच्छी बारिश होने की संभावना है। वहीं मध्य और उत्तर छत्तीसगढ़ के एक- दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की भी आशंका जताई गई है। पिछले 24 घंटे के दौरान रायपुर, दुर्ग, सरगुजा, बिलासपुर और बस्तर संभाग में अच्छी बारिश दर्ज की गई।

मौसम विभाग का कहना है कि अगले दो दिनों तक प्रदेश में मानसून सक्रिय रहेगा, जिससे अधिकांश जिलों में वर्षा का दौर जारी रहने की संभावना है। लगातार बारिश के कारण राजधानी रायपुर के अधिकतम तापमान में भी उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई है। पिछले चार दिनों में तापमान करीब 4 डिग्री सेल्सियस तक कम हुआ है, जिससे लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिली है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m