CG News : जीतेन्द्र सिन्हा, गरियाबंद. फिंगेश्वर क्षेत्र अंतर्गत ग्राम भेन्डरी-जामगांव में असमाजिक तत्व ने भगवान की प्रतिमा को क्षतिग्रस्त करने का मामला सामने आया है. अज्ञात ने शराब सेवन के बाद बरंगबली की टाइल्स युक्त मूर्ति को खंडित कर दी. घटना से ग्रामीणों में आक्रोश का माहौल है. सूचना मिलने पर हिंदू संगठन मौके पर पहुंचे. मामला फिंगेश्वर थाना क्षेत्र का है.
जानकारी के अनुसार, मंदिर परिसर के पास शराब सेवन और ईंट से मूर्ति तोड़ने के निशान मिले हैं. घटना की सूचना मिलते ही विहिप जिला संयोजक मोहित साहू और फिंगेश्वर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी ली.
आरोपियों पर कार्रवाई की मांग
विहिप जिला संयोजक मोहित साहू ने घटना की निंदा करते हुए मामले में आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है. वहीं रविवार को ग्राम समिति अध्यक्ष भेखलाल साहू के नेतृत्व में ग्रामीणों की बैठक आयोजित की गई, जिसमें गांव के लोगों से घटना के संबंध में जानकारी ली गई. बैठक में किसी ग्रामीण के इस घटना में शामिल होने की बात सामने नहीं आई. ग्रामीणों ने आज फिंगेश्वर थाना पहुंचकर शिकायत की है.
नई प्रतिमा की होगी स्थापित
बता दें कि इस गांव में शराब पूरी तरह प्रतिबंधित है. शराब पीकर उपद्रव करने और धार्मिक स्थलों पर शराब सेवन करने वालों पर 2100 रुपये जुर्माने का प्रावधान भी लागू है. ग्रामीणों ने आशंका जताई कि लगभग एक सप्ताह पहले गांव में घूम रहे एक मानसिक रूप से विक्षिप्त व्यक्ति का इस घटना से संबंध हो सकता है. फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच में जुटी हुई है. अब ग्रामीण उसी जगह पर 17 जून को बजरंगबली की नई प्रतिमा की स्थापना करेंगे.
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

