CG News : वीरेन्द्र गहवई, बिलासपुर. आगामी त्योहारों के मद्देनजर जिले में कानून-व्यवस्था और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए बिलासपुर पुलिस ने शहरी एवं ग्रामीण थाना क्षेत्रों में व्यापक कार्रवाई शुरू कर दी है. पुलिस ने संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने के साथ ही विवाद और उपद्रव की आशंका वाले लोगों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है.
50 से अधिक के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई
पुलिस की इस कार्रवाई के तहत बीएनएसएस की विभिन्न धाराओं के अंतर्गत 50 से अधिक लोगों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक और आम सुरक्षा संबंधी कार्रवाई की गई. पुलिस का उद्देश्य आगामी त्योहारों के दौरान किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति उत्पन्न होने से पहले ही संभावित उपद्रवियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना है.

त्योहारों को देखते हुए जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में पुलिस टीमों ने सक्रियता बढ़ाते हुए ऐसे लोगों की पहचान की, जिनसे शांति व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका थी. पुलिस ने संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ वैधानिक प्रक्रिया अपनाते हुए प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की और उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश किया.

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखना प्राथमिकता है. किसी भी व्यक्ति को सार्वजनिक शांति भंग करने या माहौल खराब करने की अनुमति नहीं दी जाएगी. इसी अभियान के तहत जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में अवैध रूप से कबाड़ का कारोबार संचालित करने वाले कबाड़ियों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई. पुलिस ने संदिग्ध एवं अवैध गतिविधियों में संलिप्त कबाड़ियों की जांच करते हुए कई लोगों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की.
उपद्रव करने वालों पर कड़ी निगरानी
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि आगामी त्योहारों के दौरान जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार पेट्रोलिंग, संदिग्ध गतिविधियों की निगरानी और संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरती जाएगी. पुलिस की नजर ऐसे लोगों पर भी रहेगी, जो विवाद, उपद्रव या किसी अन्य तरीके से सामाजिक माहौल बिगाड़ने का प्रयास कर सकते हैं.
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H



