मनेंद्र पटेल, दुर्ग। दुर्ग में जान से मारने की धमकी देकर भूमि पर अवैध कब्जा करने और उसे हड़पने का प्रयास करने वाले आरोपी प्रॉपर्टी डीलर को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पीड़ित के अनुसार, आरोपी ने उसकी पत्नी और बच्चों के सामने हथियार दिखाकर डराने-धमकाने का प्रयास किया और जमीन अपने नाम कराने का दबाव बनाया। यह मामला मोहन नगर थाना क्षेत्र का है।

पीड़ित ने एसएसपी से की थी शिकायत

जानकारी के अनुसार, 27 जुलाई को प्रार्थी प्रविंदर सिंह चाने ने दुर्ग एसएसपी को शिकायत पत्र देकर अपनी समस्या बताई। शिकायत में कहा गया कि प्रॉपर्टी डीलर लाखन सिंह उसकी जमीन पर अवैध कब्जा कर उसकी पत्नी और बच्चों को जमीन बेचने के लिए डरा-धमका रहा है।

जान से मारने की धमकी देने वाला आरोपी गिरफ्तार

एसएसपी के निर्देश पर मोहन नगर थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। जांच के दौरान सामने आया कि आरोपी लाखन सिंह पीड़ित की भूमि पर अवैध कब्जा कर उसे परेशान कर रहा था। प्रविंदर सिंह की शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी प्रॉपर्टी डीलर के खिलाफ अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी पर प्रार्थी की पत्नी और बच्चों के बीच भय का वातावरण निर्मित कर भूमि हड़पने का प्रयास करने का आरोप है। फिलहाल मामले की आगे जांच की जा रही है।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H