CG PSC Pre Exam : रायपुर. छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग ने छत्तीसगढ़ सिविल सेवा परीक्षा 2025 के 265 पदों के लिए 23 फरवरी को प्रारंभिक परीक्षा ली. परीक्षा के लिए प्रदेश के 33 जिला मुख्यालयों में परीक्षा केंद्र बनाए गए थे. परीक्षा दो पालियों में संपन्न हुई. परीक्षा में छत्तीसगढ़ के सामान्य ज्ञान इतिहास के अलावा राष्ट्रीय स्तर पर भी सामान्य ज्ञान के प्रश्न पूछे गए थे. इसके अलावा सीसैट की परीक्षा भी हुई जो क्वालीफाइंग की थी.

रविवार सुबह 10 से 12 बजे पहली पाली में सामान्य अध्ययन की परीक्षा संपन्न हुई तो वहीं दोपहर 3 से 5 बजे दूसरी पाली में सीसैट की परीक्षा संपन्न हुई. परीक्षा बहु वैकल्पिक प्रकार की थी. एक प्रश्न के चार विकल्प थे, जिसमें सही उत्तर चुनना था. दोनों परीक्षाओं में 100–100 प्रश्न थे. सामान्य ज्ञान की परीक्षा में 50 प्रश्न छत्तीसगढ़ से संबंधित थे. वहीं 50 प्रश्न सामान्य अध्ययन के थे. दोनों परीक्षाओं में गलत उत्तर देने पर माइनस मार्किंग का प्रावधान था. सीसैट की परीक्षा केवल क्वालीफाइंग थी, जिसमें सामान्य और ओबीसी वर्ग के अभ्यर्थियों को 33 प्रतिशत और एससी-एसटी वर्ग के अभ्यर्थियों को 23 प्रतिशत क्वालीफाइंग नंबर लाना अनिवार्य है.

पहले 239 पदों के लिए विज्ञापन जारी किए गए थे. फिर सहकारिता विभाग में पद बढ़ाए गए. इसके बाद कुल 265 पदों के लिए भर्ती परीक्षा का आयोजन हुआ. कुल विज्ञापित पदों के 15 गुना अभ्यर्थियों को मुख्य परीक्षा के लिए क्वालीफाई किया जाएगा, जिन्हें फिर से मेंस परीक्षा का फॉर्म भरना होगा. मेंस परीक्षा 16 से 19 मई तक होगी, जिसमें सात प्रश्न पत्र होंगे.

इस तरह के पूछे गए प्रश्न:–

  • कौवा का पर्यायवाची क्या है?
  • तिलक मंजरी ग्रंथ के रचनाकार कौन है?
  • छंद शास्त्र के प्रणेता ऋषि का नाम क्या है?
  • बौद्ध धर्म के नियमों का वर्णन कौन से ग्रंथ में है?
  • घोटुल का सामूहिक गीत कौन सा है?
  • पर्रा भर लाइ काव्य संग्रह के लेखक कौन हैं?
  • रायपुर के किस होटल में रायपुर षड्यंत्र केस की साजिश रची गई?
  • रायपुर षड्यंत्र केस की योजना रायपुर के किस होटल में बनाई गई? इस प्रश्न के विकल्पों में इंपीरियल होटल, न्यू इंडिया होटल,रोज होटल, ओरिएंटल होटल दिया गया था.
  • छत्तीसगढ़ में खीर जैसा व्यंजन कौन सा है?
  • वीवी गिरी किस आंदोलन के समय भारत आए थे?
  • कोठरी जलप्रपात किस नदी में स्थित है?
  • बीस दुअरिया मंदिर कहा स्थित हैं?
  • मुख्यमंत्री अमृत योजना के संबंध में जानकारी?
  • बेगार प्रथा के खिलाफ छत्तीसगढ़ के किसी रियासत में सबसे पहले आंदोलन हुआ था?
  • सखी वन स्टाफ सेंटर में अस्थाई असर प्रदान करने की सुविधा कितना दिनों की है?
  • 1918 में हुए उरांव बगावत के समय सरगुजा रियासत के राजा कौन थे?
  • खूब परिश्रम करना को छत्तीसगढ़ी में क्या कहेंगे?
  • 2024 से छत्तीसगढ़ में कितने वॉट बिजली उपयोग की स्थापित क्षमता थी?
  • उरांव जनजाति में सरहुल त्यौहार का आयोजन कब किया जाता है?
  • धर्मेश किस जनजाति के देवता हैं?