हरियाणा के चरखी दादरी में पुलिस ने दो ऐसे बदमाशों को दबोचा है जो सुनसान गलियों में महिलाओं को चाकू दिखाकर सोने के गहने लूटते थे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई सोने की चेन और वारदात में इस्तेमाल हथियार बरामद कर लिया है।

पुष्पेंद्र कुमार, चरखी दादरी। पुलिस अधीक्षक लोगेश कुमार के कड़े दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए थाना शहर पुलिस ने महिलाओं को डरा-धमकाकर सोने के आभूषण लूटने वाले एक सक्रिय गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चाकू की नोक पर चेन स्नैचिंग करने वाले दो शातिर आरोपियों को दबोचने में बड़ी कामयाबी हासिल की है। पुलिस प्रवक्ता योगेश कुमार ने इस संबंध में विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि 11 जून को कंट्रोल रूम के माध्यम से पुलिस को एक महिला से सरेराह सोने की चेन छीने जाने की सूचना मिली थी। इस इनपुट पर तुरंत एक्शन लेते हुए शहर थाने के उप-निरीक्षक भीम सिंह अपनी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और जांच शुरू की।

पल्सर बाइक पर आए नकाबपोश बदमाश

पीड़ित महिला ने पुलिस को दी अपनी शिकायत में बताया कि वह पिछले करीब दो हफ्तों से विद्या विहार कॉलोनी स्थित अपने मायके आई हुई थी। शाम के करीब साढ़े पांच बजे जब वह अपनी सगी बहन के साथ कुछ जरूरी सामान खरीदने के लिए बाजार की तरफ पैदल जा रही थी, तभी गली नंबर 6 में यह वारदात हुई। पीछे से एक काले रंग की पल्सर मोटरसाइकिल पर सवार दो अज्ञात युवक वहां आए और उनका रास्ता रोक लिया। दोनों ही बदमाशों ने पहचान छिपाने के लिए अपने चेहरों को कपड़े से पूरी तरह ढाका हुआ था। इसके बाद बदमाशों ने दोनों बहनों की कनपटी पर धारदार चाकू टिका दिया।

चाकू दिखाकर सोने की चेन लूटी

बदमाशों ने महिलाओं को जान से मारने की धमकी देकर आतंकित किया और पीड़िता के गले से करीब एक तोला वजनी सोने की चेन झपट ली। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों अपराधी अपनी तेज रफ्तार बाइक पर सवार होकर मौके से रफूचक्कर हो गए। इस शिकायत के आधार पर थाना शहर चरखी दादरी में आरोपियों के खिलाफ विभिन्न गंभीर धाराओं के तहत आपराधिक मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले की तफ्तीश के दौरान पुलिस टीम ने वैज्ञानिक साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और गुप्त सूचनाओं के आधार पर कार्रवाई करते हुए रविवार को सुभाष चौक निवासी मनन उर्फ विन्नू और झज्जर घाटी निवासी गोरख उर्फ गब्बू को गिरफ्तार कर लिया।

कोर्ट ने आरोपियों को जेल भेजा

एसआई भीम सिंह के नेतृत्व में हुई पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। पुलिस ने अपराधियों की निशानदेही पर वारदात के समय इस्तेमाल की गई पल्सर मोटरसाइकिल, डराने के लिए इस्तेमाल किया गया चाकू और पीड़िता से लूटी गई सोने की चेन सकुशल बरामद कर ली है। आवश्यक कानूनी कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद दोनों आरोपियों को जिला अदालत में पेश किया गया, जहां से विद्वान न्यायाधीश ने उन्हें न्यायिक हिरासत के तहत जेल भेजने के आदेश जारी कर दिए। पुलिस प्रशासन ने नागरिकों को सुरक्षा के प्रति आश्वस्त किया है।