सुशीला देवी, गुरुग्राम। अपराध पर लगाम कसते हुए गुरुग्राम पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने चेन स्नैचिंग की वारदातों में सक्रिय एक गैंग का पर्दाफाश करते हुए दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार आरोपियों के पास से वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक, 2 सोने की चेन और करीब 35,500 रुपये नकद बरामद किए गए हैं। पुलिस के मुताबिक, इस कार्रवाई से कुल 6 मामलों का खुलासा हुआ है।


कैसे हुआ खुलासा
यह मामला 30 अप्रैल 2026 का है, जब पालम विहार थाना क्षेत्र के अशोक विहार स्थित हनुमान मंदिर के पास एक महिला से कान की बाली छीनी गई थी। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की।
तेजी से कार्रवाई करते हुए अपराध शाखा पालम विहार टीम ने 1 मई को दिल्ली से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दीपक उर्फ फलोदी और जितेंद्र शर्मा उर्फ जीतू उर्फ पंजाबी के रूप में हुई है, जो नजफगढ़ क्षेत्र के रहने वाले बताए जा रहे हैं।

पूछताछ में बड़े खुलासे
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया है कि उन्होंने गुरुग्राम में 4 और बहादुरगढ़ में 1 अन्य वारदात को अंजाम दिया है।
आरोपी पहले पार्कों और सुनसान इलाकों में महिलाओं की रेकी करते थे और मौका मिलते ही चेन या आभूषण छीनकर फरार हो जाते थे।


आपराधिक रिकॉर्ड
पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों का लंबा आपराधिक इतिहास है—दीपक पर 37 मामले, जितेंद्र पर 28 मामले। जिनमें लूट, चोरी, डकैती, एनडीपीएस एक्ट और हत्या के प्रयास जैसे गंभीर अपराध शामिल हैं।

जांच जारी
फिलहाल दोनों आरोपियों को रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि इस गैंग से जुड़े अन्य मामलों और नेटवर्क की भी जांच की जा रही है।