अशोक कुमार जायसवाल, डीडीयू नगर. चकिया कोतवाली क्षेत्र के भीषमपुर स्थित कंपोजिट विद्यालय में छात्राओं द्वारा एक शिक्षक पर मारपीट और गलत तरीके से छूने के आरोप लगाए जाने के बाद हड़कंप मच गया. मामला सामने आने पर आक्रोशित परिजन विद्यालय पहुंचे और शिक्षकों के खिलाफ जांच कर कार्रवाई की मांग की. वहीं, कुछ छात्रों ने एक अन्य शिक्षक पर पैसे देकर बाहर भेजने और गुटखा मंगाने का भी आरोप लगाया है.

वीडियो में कक्षा आठ की छात्राओं ने आरोप लगाया कि योगा कराने के दौरान पीटी शिक्षक विजय कुमार सिंह द्वारा कमरे का दरवाजा और खिड़की बंद कर दी जाती थी. छात्राओं ने स्टंप से मारने, चोट पहुंचाने और गलत तरीके से छूने के आरोप लगाए. छात्रा आकांक्षा सिंह ने सिर में चोट लगने की बात कही, जबकि शिवानी शर्मा ने पैर में सूजन आने का दावा किया. हालांकि इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है. कक्षा 6 के छात्र राजवीर ने वीडियो में आरोप लगाया कि शिक्षक विजय शर्मा उन्हें पैसे देकर बाहर भेजते और गुटखा मंगाते थे.

इसे भी पढ़ें : एक चोरी और 4500 घर बेहाल! जल जीवन मिशन के ट्यूबवेल से सामान पार, पानी सप्लाई ठप, अपराधियों में खाकी का खौफ खत्म!

कार्यवाहक प्रधानाध्यापक राम जनम ने बताया कि उन्हें छात्राओं को मारने की जानकारी मिली थी. एक छात्रा के सिर में चोट और सूजन भी आई थी. शिकायत के बाद संबंधित शिक्षक से बच्चों के सामने माफी मंगवाई गई और आगे बच्चों को नहीं मारने की सख्त हिदायत दी गई. उन्होंने गलत स्पर्श के आरोपों की जानकारी होने से इनकार करते हुए कहा कि उन्हें केवल मारपीट की शिकायत मिली थी. तंबाकू मंगाने के आरोप को भी उन्होंने नकारा.

बीएसए ने जांच के दिए निर्देश

बेसिक शिक्षा अधिकारी सचिन कुमार ने बताया कि मामले की जांच के लिए खंड शिक्षा अधिकारी, चकिया को निर्देशित किया गया है. उन्होंने कहा कि छात्राओं से मारपीट और गलत स्पर्श तथा तंबाकू मंगाने के दोनों आरोपों की जांच कराई जा रही है. जांच रिपोर्ट आने के बाद जो भी दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी.