चमोली. बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग (Badrinath National Highway) पर गुरुवार सुबह गुलाबकोटी के पास सड़क धंस गई. जिससे भारी मलबा आने के कारण यातायात पूरी तरह बाधित हो गया है. घटना के बाद संबंधित विभाग की टीम मौके पर पहुंचकर मार्ग खोलने के कार्य में जुट गई है. प्रशासन ने यात्रियों और स्थानीय लोगों से अपील की है कि वे पुलिस और प्रशासन के निर्देशों का पालन करें और मार्ग खुलने तक अनावश्यक यात्रा से बचें. अधिकारियों के अनुसार, सड़क से मलबा हटाने और मार्ग को सुरक्षित बनाने का कार्य लगातार जारी है. मार्ग सुचारु होते ही अगला अपडेट जारी किया जाएगा.

बता दें कि इससे पहले पीपलकोठी (भनेरपानी), नंदप्रयाग और छिनका के पास भी इसी तरह की रुकावटें आ चुकी हैं. उत्तराखंड में मानसून पूरी तरह सक्रिय हो चुका है. पहाड़ से लेकर मैदान तक लगातार हो रही बारिश ने जनजीवन प्रभावित कर दिया है. वहीं दोनों मंडल के कई हिस्सों में बारिश के चलते भूस्खलन की घटनाएं भी बढ़ गई हैं, जिससे 59 से ज्यादा संपर्क मार्ग बाधित हुए हैं.

इसे भी पढ़ें : उत्तराखंड में 2 जुलाई को 66 स्थानों पर होगी सबसे बड़ी मॉक ड्रिल, मानसून आपदा से निपटने की तैयारियां पूरी

इधर मौसम विभाग ने गुरुवार को प्रदेश के कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी करते हुए पांच जिलों के लिए ऑरेंज और चार जिलों के लिए यलो अलर्ट घोषित किया है. गौरतलब है कि प्रदेश में पिछले कुछ दिनों से मानसून की गतिविधियां बढ़ चुकी है. बीते दिनों कुमाऊं मंडल के पिथौरागढ़ और बागेश्वर जिले में कई जगहों पर बारिश हुई. हरिद्वार और उधम सिंह नगर जिले में 30 से 40 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चली. वहीं एक जुलाई को नैनीताल, चंपावत, बागेश्वर, पिथौरागढ़, देहरादून और बागेश्वर में कुछ जगहों पर बारिश दर्ज की गई.