अयोध्या. राम मंदिर चढ़ावा मामले में SIT कल यानी 15 जून से अपनी जांच शुरू करने वाली है. इससे पहले एक बड़ी जानकारी सामने आई. बताया जा रहा है कि श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय की तबीयत खराब हो गई है. उन्हें जुकाम के साथ शुगर बढ़ने की शिकायत है. वहीं ट्रस्टी डॉ. अनिल मिश्रा भी फिलहाल अयोध्या में नहीं हैं. वे भी इलाज के सिलसिले में शहर से बाहर हैं.

मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो SIT टीम रविवार रात की ही अयोध्या पहुंच सकती है. सोमवार सुबह से जांच शुरू हो सकती है. ऐसे में ये सवाल उठ रहा है कि जब जांच शुरू होने जा रही है, तो ट्रस्ट के बड़े पदाधिकारी जांच टीम के सामने कब और कैसे पेश होंगे? वहीं चढ़ावे में कथित करोड़ों के हेरफेर, रिकवरी और अब तक FIR न होने के बीच ये मामला और संवेदनशील हो गया है.

इसे भी पढ़ें : “ये जितने इस समय हैं सब चोर हैं…” राम मंदिर दान गबन मामले में ट्रस्ट पर भड़के विनय कटियार, कहा- मंदिर के लिए सरकारें चली गईं, इन्हें हम छोड़ेंगे नहीं

इस बीच बजरंग दल के संस्थापक और पूर्व सांसद विनय कटियार ने चेतावनी दी है कि कल वो खुद पहुंचकर चोरों को भगाएंगे वरना ये सब जेल जाएंगे. उनकी धमकी के बाद VHP ने प्रेस कॉन्फ्रेंस करके जांच की बात कही है. लेकिन कटियार अड़े हुए हैं. कटियार को मनाने का मैनेजमेंट चल रहा है.

बता दें कि कटियार इससे पहले भी कह चुके हैं कि राम जन्मभूमि का जो ट्रस्ट है और ट्रस्टी ही अगर उसमें कुछ गड़बड़ कर देंगे, चोरी कर देंगे, तो कैसे मंदिर बन सकता है? नहीं बन सकता है. इन सबको सीधे एसएसपी, डीआईजी के यहां तय करके कहेंगे इनको पकड़ो और सीधे जेल भेजो. विनय ने आगे कहा कि ये हल्का-फुल्का मामला नहीं है. इसमें बलिदान हुए हैं लोग. तब जाकर मंदिर का बढ़ना शुरू हुआ. और ये जितने इस समय हैं ये सब चोर हैं. विनय कटियार ने कहा कि हम इनको छोड़ने वाले नहीं हैं. सरकारें चली गई इस पर, नरसिंह राव से हमने विवाद ले लिया. जिससे हमारे बड़े संबंध थे.