अशोक कुमार जायसवाल, डीडीयू नगर. चंदौली जिले के सैयदराजा क्षेत्र स्थित बरठी-कमरौर रेलवे ओवरब्रिज पर सड़क की मरम्मत के महज एक महीने बाद ही दोबारा गहरा गड्ढा हो गया है. इससे निर्माण कार्य की गुणवत्ता और मरम्मत के तरीके पर सवाल उठने लगे हैं. पुल से प्रतिदिन हजारों वाहनों की आवाजाही होती है. ऐसे में सड़क पर बना गड्ढा कभी भी बड़े हादसे का कारण बन सकता है. इसे लेकर स्थानीय ग्रामीणों में नाराजगी है.

स्थानीय निवासी ऋषि कुमार सरस्वती ने बताया कि पुल बनने के बाद यह दूसरी बार है, जब सड़क पर गड्ढा हुआ है. पहली बार गड्ढा बनने पर स्थानीय युवकों ने लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के अधिकारियों को सूचना दी थी. इसके बाद विभागीय अधिकारी मौके पर पहुंचे और मरम्मत कराकर चले गए. ग्रामीणों का आरोप है कि उस समय गड्ढे को केवल ऊपर से भर दिया गया, जबकि समस्या की जड़ तक पहुंचकर स्थायी समाधान करने का प्रयास नहीं किया गया. यही वजह है कि मरम्मत के एक महीने के भीतर ही सड़क फिर से उखड़ गई.

इसे भी पढ़ें : यूपी के 75 जिलों में होगा रामायण पाठ, वाल्मीकि जयंती पर चित्रकूट में होगा बड़ा आयोजन

वहीं, स्थानीय निवासी राकेश ने बताया कि गड्ढा ऊपर से छोटा दिखाई देता है, लेकिन अंदर काफी गहरा हो चुका है. आसपास की सड़क भी टूट रही है, जिससे अंदरूनी हिस्से में खोखलापन होने की आशंका है. उन्होंने कहा कि यदि समय रहते इसकी ठीक से मरम्मत नहीं कराई गई, तो तेज रफ्तार से गुजरने वाले वाहन दुर्घटना का शिकार हो सकते हैं.

ग्रामीणों ने जताया विरोध, डीएम से लगाई गुहार

ओवरब्रिज की खराब स्थिति को लेकर स्थानीय ग्रामीणों ने विरोध जताते हुए जिलाधिकारी से जल्द हस्तक्षेप करने और क्षतिग्रस्त सड़क की मरम्मत कराने की मांग की है. ग्रामीणों का कहना है कि पुल पर वाहनों का दबाव काफी अधिक है. इसके बावजूद सड़क की मरम्मत में लापरवाही बरते जाने से लोगों की सुरक्षा खतरे में पड़ सकती है.

इसे भी पढ़ें : ‘योगी के सुशासन’ में माफियाओं की मौज! 100 वर्ष पुराने गुरुकुल की जमीन पर कब्जे का आरोप, प्राचार्य और छात्रों ने CM से लगाई न्याय गुहार

ग्रामीणों ने मांग की है कि पीडब्ल्यूडी के अधिकारी मौके पर पहुंचकर गड्ढे की तकनीकी जांच कराएं और क्षतिग्रस्त हिस्से को उचित तरीके से दुरुस्त करें. केवल ऊपर से गड्ढा भरने के बजाय सड़क की मजबूती सुनिश्चित की जाए, ताकि समस्या दोबारा उत्पन्न न हो. स्थानीय लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द मरम्मत कराकर समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया, तो वे बड़े आंदोलन के लिए बाध्य होंगे. ग्रामीणों का कहना है कि प्रशासन और संबंधित विभाग को किसी बड़ी दुर्घटना का इंतजार करने के बजाय समय रहते ठोस कदम उठाना चाहिए.