अशोक कुमार जायसवाल, चंदौली. नौगढ़ तहसील क्षेत्र के बरवाडीह गांव में गुरुवार को प्रशासन ने सरकारी भूमि पर किए गए अवैध अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की. एसडीएम विनय मिश्रा के नेतृत्व में राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने बुलडोजर चलाकर खेल के मैदान पर किए गए अवैध निर्माण को ध्वस्त कर जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराया. प्रशासन के अनुसार, गांव के खेल मैदान की सरकारी भूमि पर कुछ लोगों द्वारा अवैध रूप से कब्जा कर जीविकोपार्जन के उद्देश्य से निर्माण कर लिया गया था.

इस संबंध में एसडीएम द्वारा संबंधित लोगों को अतिक्रमण हटाने के लिए दो बार नोटिस जारी कर स्वयं कब्जा हटाने का अवसर दिया गया था. बावजूद इसके निर्धारित समय सीमा के भीतर आदेश का पालन नहीं किया गया. इसके बाद गुरुवार को एसडीएम विनय मिश्रा राजस्व और पुलिस विभाग की टीम के साथ मौके पर पहुंचे और बुलडोजर की मदद से अवैध निर्माण को हटाने की कार्रवाई शुरू कराई. प्रशासन की मौजूदगी में पूरे अभियान को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया गया.

इसे भी पढ़ें : कौन झूठा, कौन सच्चा? एक बार फिर पूर्व प्रधान पर सपा जिलाध्यक्ष ने जान से मारने की कोशिश करने का लगाया आरोप, ये सिर्फ षड्यंत्र है या सच्चाई!

कार्रवाई के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल तैनात रहा, जिससे किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न नहीं हुई. अतिक्रमण हटने के बाद खेल मैदान की सरकारी भूमि को पूरी तरह कब्जा मुक्त करा लिया गया. प्रशासन ने स्पष्ट किया कि सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और भविष्य में भी ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी.

एसडीएम विनय मिश्रा ने कहा कि सार्वजनिक उपयोग की भूमि, विशेषकर खेल मैदान, विद्यालय और अन्य सरकारी परिसंपत्तियों पर अवैध कब्जा करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने लोगों से सरकारी भूमि पर अतिक्रमण न करने और प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की अपील की. बरवाडीह गांव में हुई इस कार्रवाई की क्षेत्र में व्यापक चर्चा रही.