अशोक कुमार जायसवाल, चंदौली. रक्षाबंधन पर्व को देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है. गुरुवार को मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी चंदौली पी.एन. त्रिपाठी के नेतृत्व में टीम ने मुगलसराय क्षेत्र में खोया, पनीर और मिठाइयों की दुकानों की जांच की.

मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने बताया कि मुगलसराय की मंडी में बड़ी संख्या में खोया की गाड़ियां पहुंच रही हैं. ऐसे में मौके पर ही खोये की प्राथमिक जांच की जा रही है. अधिकारियों द्वारा खोये को सूंघकर, चखकर और आयोडीन टिंचर से परीक्षण कर उसकी गुणवत्ता की जांच की जा रही है. जांच में सही पाए जाने वाले खाद्य पदार्थों को जाने दिया जा रहा है, जबकि संदिग्ध सामग्री पर कार्रवाई की जा रही है. उन्होंने बताया कि रक्षाबंधन को लेकर पूरे चंदौली जिले में विशेष अभियान चलाया जा रहा है. चकिया, धानापुर, सकलडीहा, चंदौली सदर और मुगलसराय सहित विभिन्न क्षेत्रों में खाद्य पदार्थों के नमूने लिए गए हैं. अभियान के दौरान खोया, पनीर और मिठाइयों के नमूने जांच के लिए भरे गए हैं.

इसे भी पढ़ें : राहुल गांधी के मनुस्मृति वाले बयान पर भड़के संत, प्रयागराज में शुरू हुई बड़ी मुहिम

मुगलसराय में मिठाई की दुकानों की जांच के दौरान कुछ स्थानों पर मिठाइयों में निर्धारित मात्रा से अधिक रंग का इस्तेमाल पाया गया. खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने ऐसे दुकानदारों को अधिक रंग का प्रयोग न करने की चेतावनी दी और निर्धारित मानक के अनुसार ही रंग इस्तेमाल करने के निर्देश दिए. मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी पी.एन. त्रिपाठी ने बताया कि खाद्य पदार्थों में सिंथेटिक रंग का अधिक इस्तेमाल स्वास्थ्य के लिए नुकसानदायक हो सकता है. उन्होंने लोगों से रक्षाबंधन पर मिठाई खरीदते समय गुणवत्ता और साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने की अपील की.