अशोक कुमार जायसवाल, चंदौली. धानापुर थाना क्षेत्र में अपनी पत्नी की हत्या के मामले में वांछित आरोपी पति को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस अधीक्षक चंदौली के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत धानापुर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक कार्रवाई शुरू कर दी है.
जानकारी के अनुसार, थाना धानापुर क्षेत्र के ग्राम ओड़ौला स्थित एक ईंट भट्ठे पर कार्यरत विनोद मांझी (55 वर्ष), निवासी ग्राम सुन्दरचक टोला मतासो, थाना फतेहपुर, जिला गया (बिहार) का अपनी पत्नी फुलवा देवी से खाना बनाने को लेकर विवाद हो गया था. विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में आकर उसने अपनी पत्नी को ईंट भट्ठे पर पटक दिया और उसके साथ मारपीट की, जिससे उसकी गंभीर चोटों के कारण मृत्यु हो गई.
इसे भी पढ़ें : LOVE के LIFE कुर्बान! प्रेमी-प्रेमिका ने खुद को लगाई आग, युवती की मौत, जानिए मोहब्बत और मौत की दास्तां
घटना के संबंध में थाना धानापुर में धारा 103(1) बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया गया था। घटना के बाद से आरोपी फरार चल रहा था. पुलिस अधीक्षक के निर्देश और क्षेत्राधिकारी के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक त्रिवेणी लाल सेन के नेतृत्व में धानापुर पुलिस टीम आरोपी की तलाश में जुटी हुई थी. इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने ग्राम ओड़ौला स्थित कूड़ा घर के पास दैत्रा बाबा के पेड़ के नीचे बने चबूतरे से आरोपी विनोद मांझी को गिरफ्तार कर लिया.
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज है और उसे न्यायालय में पेश कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है. गिरफ्तार आरोपियों में विनोद मांझी का नाम शामिल है. इसके खिलाफ पहले से आपराधिक मामले दर्ज हैं. धानापुर पुलिस की इस कार्रवाई से हत्या के मामले में फरार चल रहे आरोपी की गिरफ्तारी सुनिश्चित हुई है और मामले की आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है.

