चंदौली। यूपी के चंदौली जिले के धानापुर ब्लॉक में लोगों की शिकायतें सुनने पहुंचे उद्यान मंत्री दिनेश प्रताप सिंह के सामने बिजली निगम की कार्यप्रणाली को लेकर किसानों ने गंभीर शिकायतें रखीं। एक किसान ने अधिकारियों के रवैये का जिक्र करते हुए कहा कि शिकायत करने पर उनसे कहा जाता है कि ‘हमारा पुंजड पाड़ लो।’ किसान की बात सुनकर मंत्री ने नाराजगी जताई और मौके पर मौजूद अधिकारियों से जवाब मांगा। मामला इतना बढ़ा कि एक लाइनमैन के खिलाफ चार्जशीट की कार्रवाई के निर्देश दे दिए गए।
शिकायत सुनवाई के दौरान किसान ने बताया कि बिजली से जुड़ी समस्याओं को लेकर जब वे संबंधित अधिकारियों से संपर्क करते हैं तो उनकी बात को गंभीरता से नहीं लिया जाता। किसान के मुंह से अधिकारियों द्वारा कथित तौर पर कहे गए ‘हमारा पुंजड पाड़ लो’ शब्द सुनते ही मंत्री ने तत्काल प्रतिक्रिया दी।
मंत्री ने अधिकारियों से सवाल करते हुए कहा, ‘कितना बड़ा है तुम्हारा पुंजड?’ उन्होंने स्पष्ट किया कि आम लोगों और किसानों की शिकायतों को इस तरह टालना स्वीकार नहीं किया जाएगा। सुनवाई के दौरान बिजली आपूर्ति और निगम से संबंधित अन्य शिकायतों पर भी अधिकारियों से जवाब मांगा गया।
इसी दौरान एक लाइनमैन की कार्यप्रणाली को लेकर भी शिकायत सामने आई। मामले को गंभीरता से लेते हुए मंत्री ने संबंधित लाइनमैन को चार्जशीट करने के निर्देश दिए। कार्रवाई के बाद अधिकारियों को शिकायतों का समय पर निपटारा करने और लोगों को अनावश्यक परेशानी से बचाने के निर्देश दिए गए।
मंत्री के सामने हुई इस सुनवाई में बिजली निगम के अधिकारियों को मौके पर ही जवाब देना पड़ा। किसानों की शिकायत पर हुई कार्रवाई के बाद मौके पर मौजूद लोगों में भी चर्चा रही कि शिकायतों को लेकर प्रशासनिक स्तर पर अब जवाबदेही तय की जा रही है।


