अशोक कुमार जायसवाल, डीडीयू नगर. चंदौली जिले में गुरुवार की देर रात राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर भीषण सड़क हादसे में एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई. वहीं चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. सैयदराजा थाना क्षेत्र के बगही गांव के समीप तीन वाहनों की आपस में टक्कर होने से मौके पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई. हादसे के बाद हाईवे पर यातायात भी बाधित हो गया.

जानकारी के अनुसार, हाईवे पर एक हाइवा ने आगे चल रहे कंटेनर में जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि इसी दौरान पीछे से आ रहा पिकअप वाहन भी दुर्घटनाग्रस्त वाहनों से जा भिड़ा. तीन वाहनों की टक्कर में 22 वर्षीय तबरेज आलम की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई. वहीं अरमान, सरोज, इस्ताक खान और पिंटू कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए.

इसे भी पढ़ें : मोबाइल की लत खतरनाक! बहन ने छीना फोन तो 8 साल के मासूम ने लगा ली फांसी

हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई. सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और एनएचएआई की हेल्पलाइन टीम मौके पर पहुंच गई. टीम ने तत्काल राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया. घायलों को दुर्घटनाग्रस्त वाहनों से निकालकर एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल भेजा गया, जहां उनका उपचार कराया जा रहा है.

वहीं, पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी. दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर बाधित यातायात को भी बहाल कराया गया. हादसे के बाद काफी देर तक हाईवे पर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा. पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच में जुटी हुई है.