जालौन. उत्तर प्रदेश के जालौन जिले से एक बेहद दुखद घटना सामने आई है. कुठौंद थाना क्षेत्र के डूंगरपुरवा गांव में मोबाइल फोन को लेकर हुए विवाद के बाद 8 साल के बच्चे की मौत हो गई. बताया जा रहा है कि मोबाइल पर रील देखने के दौरान बहन ने उससे फोन छीन लिया था. इससे नाराज होकर बच्चा कमरे में चला गया. कुछ देर बाद उसका शव फंदे से लटका मिला. घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया.
यह घटना बच्चों में मोबाइल के बढ़ते इस्तेमाल और उनकी भावनात्मक स्थिति को लेकर चिंता बढ़ाती है. हालांकि, बच्चों के व्यवहार और मानसिक स्थिति पर भी ध्यान देना जरूरी है.
इसे भी पढ़ें- सावधान! कफ सिरप बना मासूम की मौत का कारण, हरदोई में ओवरडोज ने ली बच्ची की जान
बहन से मोबाइल को लेकर हुआ विवाद
जानकारी के मुताबिक, घटना 3 नवंबर की है. रितिक घर पर अपनी बहन के साथ मोबाइल पर रील देख रहा था. इसी दौरान बहन ने उससे मोबाइल फोन ले लिया. इस बात पर दोनों के बीच विवाद हो गया. रितिक इससे काफी नाराज हो गया. उस समय उसके माता-पिता घर पर मौजूद नहीं थे.
कमरे में गया मासूम, फिर नहीं लौटा
बहन से विवाद के बाद रितिक गुस्से में कमरे में चला गया. कुछ समय बाद परिजनों को उसके साथ हुई घटना की जानकारी मिली. यह देखकर परिवार के लोगों के होश उड़ गए. घर में चीख-पुकार मच गई.
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
सूचना मिलने पर कुठौंद थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और जरूरी कार्रवाई पूरी की. इसके बाद बच्चे के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया. फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है.
इसे भी पढ़ें- मोदी के लगाए पारिजात पर राम मंदिर में क्या हुआ? चार साल पुरानी घटना पर अब उठे सवाल, प्रायश्चित की मांग
सीओ ने अभिभावकों से की अपील
सीओ जालौन अजय कुमार सिंह ने बताया कि शुरुआती जानकारी में मोबाइल इस्तेमाल को लेकर भाई-बहन के बीच विवाद की बात सामने आई है. उन्होंने अभिभावकों से बच्चों को मोबाइल देने और उसके इस्तेमाल के समय पर ध्यान रखने की अपील की. बच्चों के साथ समय बिताना, उनकी बात सुनना और उनके व्यवहार में बदलाव को समझना जरूरी है. यह घटना माता-पिता के लिए एक गंभीर चेतावनी है कि बच्चों की भावनाओं को नजरअंदाज न करें.

