अशोक कुमार जायसवाल, चंदौली. कंदवा थाना क्षेत्र के तेल्हारा गांव में रविवार सुबह दो पक्षों के बीच विवाद हिंसक हो गया. इस दौरान ताबड़तोड़ फायरिंग हुई, जिसमें छह लोगों को गोली लगी. लाठी-डंडों की मारपीट में दो अन्य लोग भी घायल हुए हैं. सभी घायलों को गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

पुलिस के अनुसार, गांव में पुरानी जमीनी रंजिश और बच्चों के बीच हुए विवाद ने इस घटना को जन्म दिया. विवाद बढ़ने पर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए. पहले लाठी-डंडे चले और फिर एक पक्ष ने असलहे से फायरिंग शुरू कर दी, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई.

इसे भी पढ़ें : निकल गई सारी हेकड़ी… धमकी देने वालों के खिलाफ पुलिस ने लिया एक्शन, किया ऐसा हाल, जानकर…

आरोप है कि रामसूरत राम के परिवार की ओर से फायरिंग की गई. इसमें कुद्दन के परिवार के पांच लोग गोली लगने से घायल हो गए. गोली चलने की आवाज से गांव में दहशत फैल गई और लोग अपने घरों में दुबक गए. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति को नियंत्रित किया. गांव में तनाव को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए लगभग 15 से 20 लोगों को हिरासत में लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है.

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह मामला पुरानी रंजिश और आपसी विवाद का लग रहा है. घायलों का इलाज जारी है. कुछ संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है. गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है. पुलिस ने जल्द ही पूरे मामले का खुलासा करने की बात कही है. फिलहाल गांव में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है और पुलिस स्थिति पर लगातार नजर रख रही है.