चंडीगढ़ का गुरु का लंगर ट्रस्ट मोबाइल आई क्लिनिक के जरिए लोगों के घर-द्वार पर आँखों का मुफ्त इलाज पहुंचा रहा है। ट्रस्ट द्वारा मोतियाबिंद से लेकर रेटिना तक के सभी बड़े ऑपरेशन और टेस्ट बिना किसी शुल्क के किए जा रहे हैं।

चंडीगढ़। सिटी ब्यूटीफुल के सेक्टर-18 स्थित ‘गुरु का लंगर’ ट्रस्ट द्वारा समाज के लिए एक अनूठी और निस्वार्थ स्वास्थ्य सेवा संचालित की जा रही है। सिख धर्म के पहले गुरु साहिब, गुरु नानक देव जी की पावन शिक्षा ‘तेरा ही तेरा’ को आत्मसात करते हुए यह ट्रस्ट लोगों को बेहतरीन चिकित्सा सुविधाएं दे रहा है। बुजुर्गों और जरूरतमंदों की सहूलियत के लिए अब ट्रस्ट ने एक अत्याधुनिक हाईटेक मोबाइल आई क्लिनिक की शुरुआत की है। इस मोबाइल क्लिनिक वैन में लाखों रुपये के आधुनिक चिकित्सा उपकरण लगाए गए हैं। इसकी मदद से नेत्र रोगियों की आँखों के सभी जरूरी टेस्ट और मुफ्त दवाइयां सीधे उनके घरों के आसपास ही उपलब्ध कराई जा रही हैं।

बड़े ऑपरेशन भी बिल्कुल मुफ्त

ट्रस्ट के जनरल सेक्रेटरी हरजीत सिंह सभ्रवाल ने बताया कि उनके संस्थान के साथ देश के कई बड़े और नामी डॉक्टर जुड़े हुए हैं। इस विशेष सेवा के तहत नेत्र रोगियों की सभी बड़ी सर्जरी और ऑपरेशन पूरी तरह मुफ्त किए जाते हैं। चाहे मोतियाबिंद का ऑपरेशन हो, रेटिना की जटिल सर्जरी हो या फिर कॉर्निया का इलाज, मरीजों से एक भी पैसा नहीं लिया जाता है। देश के किसी भी कोने से कोई भी नागरिक यहाँ आकर अपना इलाज करा सकता है। यहाँ तक कि सीटी स्कैन और एमआरआई जैसे महंगे टेस्ट का पूरा खर्च भी ट्रस्ट खुद उठाता है।

कोई कैश काउंटर नहीं है

हरजीत सिंह सभ्रवाल ने एक बेहद अनोखी बात साझा की कि गुरु का लंगर ट्रस्ट में कोई कैश काउंटर ही नहीं बनाया गया है। जब मरीजों से किसी भी इलाज, पर्ची या दवा के लिए कोई पैसा लेना ही नहीं है, तो कैश काउंटर की कोई जरूरत ही नहीं रह जाती है। वर्तमान में ट्रस्ट के पास करीब 22 करोड़ रुपये की कीमत के विश्वस्तरीय मेडिकल उपकरण मौजूद हैं। आम जनमानस के सहयोग और दान के माध्यम से ही यह पूरी व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित की जा रही है। यहाँ सेवा देने वाले किसी भी ट्रस्टी ने आज तक अपनी सेवाओं के बदले कोई पैसा नहीं लिया है।

रहने और खाने की व्यवस्था

अस्पताल में दिल्ली और अन्य दूर-दराज के राज्यों से भी बड़ी संख्या में लोग आँखों का इलाज कराने आते हैं। मरीजों और उनके साथ आने वाले तीमारदारों के रहने और खाने-पीने के लिए ट्रस्ट ने अस्पताल परिसर में ही शानदार लंगर और ठहरने के मुकम्मल इंतजाम किए हैं। चंडीगढ़ के विभिन्न गुरुद्वारा साहिबों से प्रतिदिन तैयार होकर लंगर यहाँ पहुंचता है। इसके साथ ही ट्रस्ट का विस्तार करते हुए मोहाली के फेज-10 में एक भव्य पांच मंजिला मल्टी स्पेशिएलिटी अस्पताल का निर्माण कार्य भी तेजी से चल रहा है, जो अगले दो वर्षों में पूरी तरह बनकर तैयार हो जाएगा।