कृष्ण कुमार सैनी, चंडीगढ़: आमतौर पर लंगर का नाम सुनते ही दाल, रोटी, सब्जी और खीर जैसे पारंपरिक भोजन की तस्वीर सामने आती है, लेकिन चंडीगढ़ में एक ऐसा अनोखा लंगर आयोजित हुआ, जिसने हर किसी का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। यहां लोगों को पूड़ी-सब्जी या खीर नहीं, बल्कि बर्गर, कोल्ड ड्रिंक और 500-500 रुपये के नोट बांटे गए।
इस अनोखे आयोजन को ‘मनी लंगर’ नाम दिया गया। चंडीगढ़ के सेक्टर-8 स्थित सनातन धर्म मंदिर में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। आयोजन के दौरान ‘द किंग ऑफ अमृतसर’ के नाम से पहचाने जाने वाले राजा डी किंग ने लोगों को 500 रुपये के नोटों के साथ बर्गर और कोल्ड ड्रिंक वितरित किए।
हाथ में नोटों की गड्डी, लोगों को बांटे 500-500 रुपये
मनी लंगर के दौरान जरूरतमंदों और वहां पहुंचे लोगों को 500-500 रुपये के नोट दिए गए। आयोजन का सबसे अलग अंदाज यह रहा कि पैसे बांटने के साथ लोगों को बर्गर और कोल्ड ड्रिंक भी परोसी गई।
आयोजन का वीडियो सामने आने के बाद यह सोशल मीडिया पर भी चर्चा का विषय बन गया। वीडियो में एक शख्स के हाथ में 500 रुपये के नोटों की गड्डी दिखाई दे रही है। वह लंगर में पहुंचे लोगों को गड्डी में से एक-एक करके 500 रुपये के नोट देता नजर आ रहा है। साथ ही लोगों को बर्गर और कोल्ड ड्रिंक भी वितरित की जा रही है।
देखते ही देखते लग गई लोगों की भीड़
मनी लंगर की खबर फैलते ही आयोजन स्थल पर लोगों की भीड़ जुटने लगी। पारंपरिक लंगर से बिल्कुल अलग इस आयोजन को देखने और उसमें शामिल होने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे।
आयोजन की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से शेयर किए जा रहे हैं। लोग इस अनोखे तरीके से किए गए सेवा कार्य को लेकर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। चंडीगढ़ में आयोजित यह ‘मनी लंगर’ फिलहाल अपने अनोखे अंदाज के कारण लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है।


