० 657 करोड़ रुपये के सरकारी फंड के कथित दुरुपयोग मामले में डिजिटल साक्ष्य, वित्तीय दस्तावेज और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जब्त
चंडीगढ़। चंडीगढ़ स्मार्ट सिटी लिमिटेड (CSCL) और चंडीगढ़ नगर निगम के बैंक खातों से सरकारी फंड के कथित दुरुपयोग मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चंडीगढ़ और लुधियाना में पांच ठिकानों पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान कई महत्वपूर्ण दस्तावेज, डिजिटल साक्ष्य और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जब्त किए गए हैं।
सीबीआई के अनुसार, जिन स्थानों पर तलाशी ली गई, उनमें चंडीगढ़ स्मार्ट सिटी लिमिटेड के कर्मचारी अनुभव मिश्रा, संदिग्ध लाभार्थियों के आवास और कार्यालय, तथा मामले से जुड़ी निजी कंपनियों के ठिकाने शामिल हैं।
छापेमारी के दौरान डिजिटल सिग्नेचर, स्टोरेज ड्राइव, प्रॉपर्टी से जुड़े दस्तावेज, वित्तीय रिकॉर्ड, इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस और अन्य अहम दस्तावेज बरामद किए गए हैं। जांच एजेंसी इन डिजिटल और वित्तीय रिकॉर्ड का विस्तृत विश्लेषण कर रही है।
सीबीआई के मुताबिक, इस मामले में आरोप है कि हरियाणा सरकार के आठ विभागों और चंडीगढ़ प्रशासन के दो विभागों के करीब 657 करोड़ रुपये नकली फिक्स्ड डिपॉजिट और फर्जी डेबिट ट्रांजेक्शन के जरिए निकालकर शेल कंपनियों के माध्यम से इधर-उधर किए गए।
17 आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की
जांच एजेंसी ने बताया कि हरियाणा से जुड़े मामले में अब तक 17 आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की जा चुकी है। इनमें आईडीएफसी फर्स्ट बैंक और एयू स्मॉल फाइनेंस बैंक के छह बैंक अधिकारी, हरियाणा सरकार के तीन कर्मचारी, दो कंपनियां और छह निजी व्यक्ति शामिल हैं।
इसके अलावा, सीबीआई ने चंडीगढ़ स्मार्ट सिटी लिमिटेड/नगर निगम और चंडीगढ़ रिन्यूएबल एनर्जी एंड साइंस एंड टेक्नोलॉजी प्रमोशन सोसाइटी (CREST) से जुड़े दो मामलों की भी जांच अपने हाथ में ली है। दोनों मामलों में भी चार्जशीट दाखिल की जा चुकी है और जांच आगे बढ़ाई जा रही है।


