कृष्ण कुमार सैनी, चंडीगढ़। चंडीगढ़ में सुरक्षा एजेंसियों और पुलिस ने एक बड़ी आतंकी साजिश का पर्दाफाश करने का दावा किया है। सेक्टर-43 अंतरराज्यीय बस स्टैंड के पीछे जंगल के इलाके से एक लावारिस बैग में छिपाकर रखा गया संदिग्ध IED और विस्फोटक सामग्री बरामद की गई है। मामले में पंजाब के तरनतारन और अमृतसर निवासी तीन संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया है। प्रारंभिक जांच में आरोपियों के तार पाकिस्तान में बैठे खालिस्तानी आतंकी सतनाम सत्ता नौशेरा और पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी ISI से जुड़े होने की बात सामने आई है।
जानकारी के अनुसार, चंडीगढ़ पुलिस को खुफिया इनपुट मिला था कि कुछ संदिग्ध तत्व विस्फोटक सामग्री लेकर शहर में दाखिल हुए हैं। इसके बाद सुरक्षा एजेंसियों और पुलिस टीमों ने सेक्टर-43 बस स्टैंड के पीछे जंगल वाले इलाके में तलाशी अभियान चलाया। तलाशी के दौरान एक संदिग्ध लावारिस बैग मिला। बम निरोधक दस्ते की मौजूदगी में बैग की जांच की गई तो उसमें विस्फोटक सामग्री और संदिग्ध IED बरामद हुआ।
पुलिस के मुताबिक, राहत की बात यह रही कि बरामद IED उस समय सक्रिय नहीं था। बैग से करीब 5 किलो जिलेटिन स्टिक, डेटोनेटर, पावर सोर्स, कनेक्टिंग वायर और बम तैयार करने में इस्तेमाल होने वाले अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए गए। इसके अलावा एक अवैध पिस्टल और पांच जिंदा कारतूस भी मिले हैं।
जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार किए गए तीनों संदिग्ध पंजाब के रहने वाले हैं। इनमें दो तरनतारन और एक अमृतसर का निवासी बताया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि विस्फोटक सामग्री चंडीगढ़ तक कैसे पहुंची और इसे किस स्थान पर इस्तेमाल किया जाना था।
पाकिस्तान कनेक्शन की जांच
प्रारंभिक पूछताछ और जांच के आधार पर पुलिस को आशंका है कि इस साजिश के तार सीमा पार बैठे हैंडलरों से जुड़े हैं। पुलिस सूत्रों के अनुसार, आरोपी पाकिस्तान में बैठे खालिस्तानी आतंकी सतनाम सत्ता नौशेरा के संपर्क में थे। आरोपियों से पूछताछ में कथित तौर पर यह जानकारी सामने आई है कि उन्हें सीमा पार से निर्देश मिले थे और उसी के आधार पर विस्फोटक व हथियार जुटाए गए थे।
फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां आरोपियों के नेटवर्क, उनके संपर्कों और चंडीगढ़ में संभावित निशाने के बारे में जानकारी जुटा रही हैं। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इस साजिश में इनके अलावा और कितने लोग शामिल हैं।
UAPA समेत कई धाराओं में केस
मामले को लेकर चंडीगढ़ के थाना-36 में विस्फोटक पदार्थ अधिनियम, गैरकानूनी गतिविधियां रोकथाम अधिनियम (UAPA) और आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत FIR दर्ज की गई है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है। सुरक्षा एजेंसियां इस पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी हैं।
सुरक्षा एजेंसियों का मानना है कि समय रहते इनपुट मिलने और कार्रवाई होने से किसी बड़ी वारदात को टाला जा सका। अब जांच का मुख्य फोकस यह पता लगाने पर है कि इस विस्फोटक को कहां इस्तेमाल किया जाना था और इसके पीछे मौजूद पूरा नेटवर्क कितना बड़ा है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

