बिजनौर. नगीना से सांसद और आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद ने अपनी हत्या की कथित साजिश को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं. वीडियो जारी कर उन्होंने दावा किया कि एक फार्म हाउस में उनकी हत्या की योजना बनाई गई है. उन्होंने कहा कि उनके पास इस संबंध में सूचनाएं और स्रोत हैं. आजाद ने सरकार से मामले की उच्चस्तरीय और निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है.

इसे भी पढ़ें- गाजियाबाद में 10वीं की छात्रा ने 15वीं मंजिल से कूदकर दी जान, सुसाइड नोट में लिखा- पढ़ाई का दबाव…

फार्म हाउस में साजिश का लगाया आरोप

चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि जांच में कथित हत्या की साजिश के साथ बाराबंकी में हुई घटना में शामिल लोगों की भूमिका भी सामने आनी चाहिए. उन्होंने अपने बयान में विरोधियों का जिक्र करते हुए कहा कि वे मौत से डरकर नहीं जीएंगे. हालांकि, उन्होंने अपने वीडियो में किसी कथित साजिशकर्ता का नाम सार्वजनिक नहीं किया.

बाराबंकी की घटना का भी किया जिक्र

आजाद ने अपनी सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठाए. उन्होंने दावा किया कि एक निर्वाचित सांसद और सुरक्षा प्राप्त जनप्रतिनिधि के काफिले पर दिनदहाड़े पत्थरबाजी हुई और ज्वलनशील पदार्थ से भरी बोतलों के जरिए वाहन को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की गई. इन आरोपों की जांच का परिणाम अभी सामने नहीं आया है.

गोंडा जाते समय रोका गया था काफिला

इससे पहले 13 सितंबर को चंद्रशेखर आजाद गोंडा में कारोबारी विनोद कुमार साहनी के परिजनों से मिलने जा रहे थे. बाराबंकी में पुलिस ने उनके काफिले को रोक दिया था. इस दौरान पुलिस और उनके समर्थकों के बीच बहस और धक्का-मुक्की की खबरें सामने आई थीं. पुलिस की ओर से कार्रवाई को सुरक्षा और कानून-व्यवस्था से जोड़कर बताया गया, जबकि आजाद ने इसे लेकर सवाल उठाए.

इसे भी पढ़ें- 60 साल का रिश्ता बेटों ने बांट दिया! मां-पिता अलग हुए तो 80 की उम्र में मां ने मांगा तलाक

दलित-पिछड़े और मुस्लिम सुरक्षा का मुद्दा उठाया

आजाद ने कहा कि मामला केवल उनकी सुरक्षा तक सीमित नहीं है. उन्होंने दलितों, पिछड़ों और मुसलमानों की सुरक्षा तथा न्याय की स्थिति को लेकर भी सवाल उठाए और सरकार से निष्पक्ष जांच की मांग की. फिलहाल उनके हत्या की साजिश वाले दावे की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है और आगे की जांच से ही स्थिति स्पष्ट होगी.