गाजियाबाद. विजयनगर थाना क्षेत्र की गौर सिद्धार्थम सोसाइटी में मंगलवार (15 सितंबर 2026) शाम 10वीं कक्षा की 16 वर्षीय छात्रा की मौत हो गई. पुलिस के मुताबिक, छात्रा ने सोसाइटी की 15वीं मंजिल से छलांग लगा दी. मौके से दो पन्नों का सुसाइड नोट भी मिला है, जिसमें उसने पढ़ाई के दबाव को लेकर परेशानी का जिक्र किया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

इसे भी पढ़ें- UCC पर एसटी हसन का बयान, बोले- कुरान में जो हुक्म है उसी पर चलेंगे

पढ़ाई के दबाव का किया जिक्र

पुलिस को मिले नोट में छात्रा ने पढ़ाई के दबाव को अपनी परेशानी की वजह बताया है. छात्रा ने लिखा- मैं पढ़ाई का दबाव नहीं झेल सकती. इसी वजह से सुसाइड कर रही हूं. किसी को दोष नहीं देती. इसकी जिम्मेदार खुद को मानती हूं. मम्मी-पापा… I Love You. पुलिस अब सुसाइड नोट और छात्रा की लिखावट की जांच कर रही है.

शाम करीब 6:45 बजे हुई घटना

जानकारी के अनुसार, छात्रा गौर सिद्धार्थम सोसाइटी में परिवार के साथ रहती थी और इंदिरापुरम पब्लिक स्कूल में 10वीं की पढ़ाई कर रही थी. मंगलवार शाम करीब 6:45 बजे घटना की सूचना मिली. गिरने की आवाज सुनकर सोसाइटी के गार्ड और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे. इसके बाद परिवार और पुलिस को सूचना दी गई.

पुलिस ने शुरू की जांच

ACP कोतवाली उपासना पांडेय के मुताबिक, डायल-112 के जरिए विजयनगर पुलिस को छात्रा के गिरने की सूचना मिली थी. पुलिस मौके पर पहुंची और छात्रा को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है.

इसे भी पढ़ें- Gen-Z तक पहुंच बनाने में जुटी सपा, कॉलेजों में चलेगा छात्र जागरूकता अभियान

वीडियो बनाने पर परिजनों ने जताई नाराजगी

घटना के बाद मौके पर कुछ लोग वीडियो बनाने लगे, जिस पर छात्रा के परिजनों ने नाराजगी जताई. परिवार ने लोगों से ऐसा नहीं करने को कहा. पुलिस सोसाइटी के लोगों और परिजनों से पूछताछ कर यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि छात्रा किन परिस्थितियों से गुजर रही थी. पुलिस सुसाइड नोट और अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की जांच कर रही है.