लखनऊ. समाजवादी पार्टी ने युवाओं और छात्रों के बीच अपनी पहुंच बढ़ाने के लिए प्रदेशभर में छात्र जागरूकता अभियान शुरू किया है. पार्टी की छात्र इकाई समाजवादी छात्रसभा को इसकी जिम्मेदारी दी गई है. अभियान के तहत विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों में छात्रों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं और सुझावों को समझने की कोशिश की जाएगी.
इसे भी पढ़ें – यूपी के 56 जिलों में बारिश का अलर्ट, 26 में बाढ़; 4 लाख लोग प्रभावित
विश्वविद्यालयों और कॉलेजों में पहुंचेगी छात्रसभा
सपा के मुताबिक, अभियान के दौरान छात्रसभा और युवा संगठनों के पदाधिकारी अलग-अलग शिक्षण संस्थानों में जाएंगे. छात्रों के बीच सदस्यता बढ़ाने के साथ पार्टी की नीतियों और युवाओं से जुड़े मुद्दों पर संवाद किया जाएगा. अभियान को विधानसभा क्षेत्रों के स्तर पर भी आगे बढ़ाने की तैयारी है.
फीस, आरक्षण और रोजगार जैसे मुद्दे
पार्टी की ओर से फीस बढ़ोतरी, छात्रसंघ की बहाली, आरक्षण, रोजगार, शिक्षा व्यवस्था और प्रतियोगी परीक्षाओं से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाने की बात कही गई है. हाल के अभियानों में सपा ने पेपर लीक, रोजगार, फीस वृद्धि और आरक्षण जैसे विषयों को भी छात्रों के बीच रखा है.
छात्रों से लिया जाएगा फीडबैक
अभियान के दौरान छात्रों से शैक्षिक और सामाजिक मुद्दों पर फीडबैक लेने की भी योजना है. पार्टी का कहना है कि छात्रों से मिलने वाले सुझावों को संगठन तक पहुंचाया जाएगा. सपा नेतृत्व इन्हीं प्रतिक्रियाओं के आधार पर युवाओं और छात्रों से जुड़े मुद्दों को अपनी नीतियों और चुनावी घोषणा पत्र में शामिल करने पर विचार कर सकता है.
इसे भी पढ़ें- यूपी में किरायेदारी का स्टांप शुल्क हुआ आसान, 2 लाख सालाना किराये पर अब 1000 शुल्क
पहली बार वोट देने वाले युवाओं पर नजर
अभियान में Gen-Z और पहली बार मतदान करने वाले युवाओं तक पहुंच बनाने पर विशेष जोर है. पार्टी की ओर से पहले भी Gen-Z और Gen-Alpha को जोड़ने के लिए विश्वविद्यालयों और कॉलेजों में संवाद कार्यक्रम की घोषणा की गई थी.



