घरौंडा/करनाल। नई अनाज मंडी में आयोजित प्रसिद्ध कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्रा की शिवपुराण कथा के दौरान सोमवार देर रात बड़ा विवाद खड़ा हो गया। कथा स्थल पर बनाए गए दान कार्यालय में दो पक्षों के बीच जमकर हंगामा हुआ, जो बाद में मारपीट और तोड़फोड़ में बदल गया।

दान कार्यालय में भिड़े दो पक्ष, लाठी-डंडे चले

जानकारी के अनुसार, वीआईपी एंट्री पास को लेकर शुरू हुई कहासुनी ने गंभीर रूप ले लिया। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच लाठी-डंडे चलने लगे और दान कार्यालय में कुर्सियां व अन्य सामान फेंक दिया गया। इस दौरान कार्यालय में भारी तोड़फोड़ भी हुई।

दान के पैसे लूटने का आरोप

आयोजकों ने आरोप लगाया है कि हंगामे के दौरान दान कार्यालय से करीब 6 लाख 11 हजार रुपये लूट लिए गए। घटना के बाद कार्यालय में सामान बिखरा पड़ा मिला, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

सीसीटीवी फुटेज में दिखा हंगामा

घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें कई लोग कार्यालय के अंदर घुसते और हंगामा करते दिखाई दे रहे हैं। पुलिस अब इसी फुटेज के आधार पर मामले की जांच कर रही है।

पूर्व पार्षद के साथ भी धक्का-मुक्की

बताया जा रहा है कि विवाद के दौरान बीच-बचाव करने पहुंचे एक पूर्व पार्षद के साथ भी धक्का-मुक्की और मारपीट की गई, जिसके बाद स्थिति और तनावपूर्ण हो गई।

वीआईपी पास विवाद पर उठे सवाल

एक पक्ष ने आरोप लगाया है कि कथा में वीआईपी पास को लेकर पारदर्शिता नहीं थी और आयोजकों द्वारा पास का मनमाने तरीके से वितरण किया जा रहा था। साथ ही आम श्रद्धालुओं को प्रवेश में परेशान किया जा रहा था।

हालांकि, शिकायतकर्ताओं ने दान लूट के आरोपों को खारिज करते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।