चंडीगढ़। हरियाणा राजभवन की तरफ मार्च करने जा रहे कांग्रेस पार्टी के कई विधायकों को चंडीगढ़ पुलिस ने रास्ते में ही रोककर हिरासत में ले लिया है. इन नेताओं के साथ प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह और प्रदेश प्रभारी संजय दत्त को भी पुलिस ने अपनी हिरासत में लिया है. यह सभी नेता दिल्ली में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी को हिरासत में लिए जाने के विरोध में प्रदर्शन कर रहे थे और पार्टी दफ्तर से राजभवन तक मार्च निकाल रहे थे.

पार्टी कार्यालय में एक जरूरी बैठक
थानेसर से विधायक अशोक अरोड़ा ने इस घटना पर बात करते हुए बताया कि पार्टी कार्यालय में एक जरूरी बैठक होने के बाद सभी नेताओं को शांतिपूर्ण तरीके से राजभवन तक जाकर धरना देना था. लेकिन पुलिस ने उन्हें पहले ही रोक लिया. आपको बता दें कि दिल्ली में प्रधानमंत्री आवास के पास नीट पेपर लीक के मुद्दे को लेकर संसद में चर्चा कराने और केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर जोरदार प्रदर्शन चल रहा था, जिसके दौरान दिल्ली पुलिस ने राहुल गांधी को हिरासत में ले लिया था.
राज्यसभा सांसद रणदीप सिंह सुरजेवाला पुलिस हिरासत में
चंडीगढ़ में चल रहे इस विरोध प्रदर्शन के दौरान राज्यसभा सांसद रणदीप सिंह सुरजेवाला को भी पुलिस ने हिरासत में ले लिया है. उन्होंने अपना कड़ा विरोध जताते हुए कहा कि यह आंदोलन अब एक बहुत बड़ी क्रांति का रूप ले चुका है और इसे किसी भी कीमत पर रोका नहीं जा सकेगा.
संसद भवन के बाहर जोरदार नारेबाजी
इसके अलावा हरियाणा से आने वाले कांग्रेस सांसद दीपेंद्र हुड्डा, वरुण मुलाना, जयप्रकाश जेपी और सतपाल ब्रह्मचारी ने भी संसद भवन के बाहर जोरदार नारेबाजी करते हुए सरकार के खिलाफ अपना रोष प्रकट किया. इस पूरे घटनाक्रम के बाद से चंडीगढ़ और दिल्ली दोनों ही जगहों पर राजनीतिक सरगर्मी काफी ज्यादा बढ़ गई है और सुरक्षा व्यवस्था को पूरी तरह से चाक-चौबंद कर दिया गया है.
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

