पंकज श्रीवास्तव, छपरा। छपरा-मुजफ्फरपुर एनएच 722 पर आज रविवार की देर शाम एक भीषण सड़क हादसा हो गया, जहां भेल्दी थाना क्षेत्र के टोल प्लाजा के समीप एक अनियंत्रित 18 चक्का हाइवा ने टोटो को रौंद दिया। इस हादसे में टोटो सवार ससुर-बहू की घटना स्थल पर मौत हो गई। जबकि टोटो चालक समेत चार लोग बुरी तरह घायल हो गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल हो गया।

सभी घायलों का इलाज जारी

घटना के बाद स्थानीय लोगों द्वारा घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मकेर भर्ती कराया गया। मृतकों की पहचान अमनौर थाना क्षेत्र के सुल्तानगंज निवासी फारूक मियां और इब्राहिम मिया की पत्नी शहीदा खातून शामिल है। जबकि घायलों में अमनौर थाना क्षेत्र के सुल्तानगंज निवासी इब्राहिम मिया की पुत्री शाना प्रवीण, पुत्र इरशाद,इलियास अंसारी का पुत्र दिलशाद अंसारी,आलमगीर अंसारी का पुत्र जुनैद अंसारी शामिल है।

परिजनों में मचा कोहराम

घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि एक टोटो पर फारुक मियां की उपचार कराने उनकी बहू पूरे परिवार के साथ गरखा गई थी। उपचार कराकर लौटने के क्रम में टोल प्लाजा के पास मकेर की तरफ से छपरा की तरफ जा रही अनियंत्रित 18 चक्का हाइवा ने सामने से रौंद दिया, जिससे टोटो बुरी तरह क्षतिग्रस हो गई और उसमें सवार दो लोगों की मौत हो गई। वहीं, चार लोग घायल हो गए। घटना के बाद एक ही परिवार में ससुर-बहू की मौत से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है।

नाराज लोगों ने जाम किया सड़क

हादसे के बाद हाइवा चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। वहीं, घटना से नाराज परिजनों और स्थानीय लोगों ने सड़क जाम कर प्रदर्शन करने लगे, जिससे एनएच 722 पर दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई। सूचना मिलते ही मकेर थानाध्य संग्राम सिंह पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और सड़क जाम कर प्रदर्शन कर रहे लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे कोई भी बात सुनने को तैयार नहीं थे। खबर लिखे जाने तक पुलिस उन्हें समझाने के प्रयास में जुटी हुई थी।

ये भी पढ़ें- सारण में दलित युवती का शव नहर से बरामद, परिजनों ने लगाया गैंगरेप के बाद हत्या का आरोप