पंकज श्रीवास्तव, छपरा। शहर के पुलिस लाइन से सटे व्यस्त हवाई अड्डा परिसर में बीती मध्यरात्रि एक युवक की तरीके से पत्थर से कुचलकर हत्या कर दी गई थी। पुलिस ने इस मामले का सफल उद्भेन करते हुए आरोपी मनोहर कुमार को गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक जांच में एक लड़की से बातचीत को लेकर मृतक युवक एवं गिरफ्तार अभियुक्त मनोहर कुमार के बीच विवाद हुआ था, जिस वजह से इस घटना को अंजाम दिया गया है।
मुजफ्फरपुर का रहने वाला है मृतक
घटना का खुलासा करते हुए सारण एएसपी राम पुकार सिंह ने बताया कि कल सोमवार की मध्य रात्रि करीब 12:00 बजे सूचना प्राप्त हुई की नगर थाना क्षेत्रान्तर्गत हवाई अड्डा के समीप एक व्यक्ति का शव पाया गया है। सूचना प्राप्त होते ही नगर थाना पुलिस द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए घटनास्थल से शव को बरामद कर पोस्टमार्टम हेतु सदर अस्पताल, छपरा भेजा गया। मृतक की पहचान सचिन कुमार (21) पिता-स्व० विनोद कुमार राय के रूप में हुई, साकिन-नरमा चक्की, थाना-रामपुरहरी, जिला-मुजफ्फरपुर का निवासी था।
लड़की से बातचीत को लेकर हुआ था विवाद
उन्होंने बताया कि घटना की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक, सारण एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सदर-01 द्वारा स्वयं घटनास्थल का निरीक्षण किया गया। इस दौरान एसपी ने जल्द से जल्द घटना का खुलासा करने के साथ ही आरोपी को गिरफ्तार करने का निर्देश देते हुए एक विशेष टीम का गठन किया था।
जांच के दौरान यह पता चला कि एक लड़की से बातचीत को लेकर मृतक सचिन कुमार एवं अभियुक्त मनोहर कुमार के बीच विवाद उत्पन्न हुआ था, जिस कारण से इस घटना को अंजाम दिया गया। गिरफ्तार आरोपी भी मृतक के गांव और जिला (मुजफ्फरपुर) का निवासी है। पुलिस ने उसके खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
परिजनों में मचा कोहराम
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सचिन छपरा के गांधी चौक के पास स्थित एक स्थानीय मिठाई कारखाने में काम कर रहा था और अपनी आजीविका चला रहा था। घटना की रात वह अपने एक अन्य साथी के साथ टहलने के लिए निकला था, लेकिन उसके बाद वह वापस अपने ठिकाने पर नहीं लौटा। सचिन का शव हवाई अड्डा परिसर के अंदर खून से लथपथ पड़ा हुआ मिला। सचिन के मौत की खबर सुनते ही उसके परिजनों में कोहराम मच गया।
ये भी पढ़ें- ‘ऐसे लोगों को तुरंत मार देना चाहिए’, जमुई घटना पर बोले अनंत सिंह, तेजस्वी के लिए कही ये बात



