Bihar News: जमुई में नाबालिग छात्रा के साथ छेड़छाड़ और अभद्रता मामले पर जदयू से मोकामा के बाहुबली विधायक अनंत सिंह का बयान सामने आया है। मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि, इस घटना में जो सरकार कर रही है, वो सही कर रही है। ऐसे लोगों को तुरंत मार देना चाहिए। ऐसी घटनाओं को लेकर जनता को भी जागरूक रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि, जनता इस तरीके की घटना को सरकार को बताए। पुलिस अकेले क्या कर पाएगी? इसलिए जनता को भी सहयोग देना चाहिए। आरोपियों का एनकाउंटर होना चाहिए।
तेजस्वी की बात छोड़िए- अनंत सिंह
वहीं, इस मामले पर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव से जुड़े बयान को लेकर सवाल किए जाने पर अनंत सिंह ने कहा कि, उनकी बात छोड़िए। नेताओं को इस परिस्थिति में मदद करनी चाहिए, लेकिन ये लोग सिर्फ वोट की राजनीति कर रहे हैं। इस एनकाउंटर की घटना को लेकर सबको गर्व होना चाहिए। बिहार में ऐसा कोई करेगा, तो वो मरेगा।
MLC चुनाव 2026 पर मोकामा विधायक ने कहा कि मैं अनुज सिंह समर्थन कर रहा हूं, वही जीतेंगे। हम तीनों जिले की जनता को कहते हैं कि हमें इतना आशीर्वाद दीजिए कि आगे चलकर कोई मेरे खिलाफ चुनाव लड़ने वाला न मिले।
अब तक कुल 6 आरोपी गिरफ्तार
गौरतलब है कि आज मंगलवार 22 सितंबर को जमुई में नाबालिग छात्रा से छेड़छाड़ करने वाले मुख्य आरोपी नंदन यादव का पुलिस ने हॉफ एनकाउंटर किया है। भागने के क्रम में पुलिस की गोली उसके पैर में लगी, जिसका फिलहाल सदर अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस ने इस मामले में अब तक कुल 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिसमें से 3 नाबालिग हैं।
वहीं, अब इस घटना क्रम को लेकर राजनीति भी तेज होती दिख रही है। घटना के बाद से जहां, विपक्ष सरकार पर हमलावर था। वहीं, मामले में अब कार्रवाई और मुख्य आरोपी नंदन यादव का एनकाउंटर होने के बाद एनडीए के नेता विपक्ष पर हमलावर नजर आ रहे हैं।
ये भी पढ़ें- ‘सिर्फ एक को मारकर खेल न खेलें…’, मांझी के बयान पर तेजस्वी का पलटवार, ‘जाति’ पर भी घेरा



