कुंदन कुमार, पटना। केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव पर जमकर निशाना साधा है। जमुई में नाबालिग छात्रा के साथ छेड़छाड़ और अभद्रता करने वाले मुख्य आरोपी नंदन यादव का पुलिस ने आज हॉफ एनकाउंटर कर दिया। भागने के क्रम में पुलिस की गोली उसके पैर में लगी, जिसका फिलहाल सदर अस्पताल में इलाज चल रहा है। इस बीच मुख्य आरोपी नंदन यादव की गिरफ्तारी/ एनकाउंटर को लेकर जीतन राम मांझी ने उसकी जाति (यादव) को लेकर तेजस्वी पर निशाना साधा है, जिसपर नेता प्रतिपक्ष की भी प्रतिक्रिया सामने आई है।
दोषियों को फांसी होनी चाहिए- तेजस्वी
तेजस्वी यादव ने मांझी के बयान पर कहा कि, ऐसी घटनाओं में जो शामिल है। उसपर कार्रवाई होनी चाहिए। इस मामले में दोषियों को फांसी देना चाहिए। तेजस्वी ने कहा कि, सिर्फ एक को मारकर खेल न खेले। बाकी सब 7 कहां छुपे हैं? सभी पर कार्रवाई होना चाहिए। उन्होंने फिर से दोहराया अपराधियों की कोई जाति नहीं होती।
तेजस्वी यादव ने कहा कि, हर घटना पर जाति की बात हो यह ठीक नहीं है। मांझी जी को इन बातों से क्या चाहिए? उनको मंत्री पद, घर , सुविधा मिल गई है और क्या चाहिए? उनके बेटे को मंत्री पद मिला गया है। उनके बेटे के मंत्रालय रेट फिक्स है। हर काम के लिए रेट फिक्स किया जाता है।
जेल में 70 प्रतिशत लोग एक समाज से- मांझी
जीतन राम मांझी ने कहा कि, तेजस्वी यादव हमेशा कहा करते हैं कि बिहार के यादव और उत्तर प्रदेश के यादव सब मेरे भाई हैं। बड़ी अच्छी बात है। मानना चाहिए, कहना चाहिए, मैं भी कहता हूं। लेकिन अगर उन्हीं में कुछ लोग गलत काम करते हैं, तो वह ऐसा न कहें कि फिर यादव को ही चुन करके बिहार की सरकार ऐसा कर रही है। इसलिए आगे कोई ऐसी दुर्घटना न घटे, इसलिए अपने प्रिय भाइयों को कम से कम वह समझा दें कि ऐसा घटना करोगे, तो अंजाम वही होगा, जो जमुई में नंदन यादव का हुआ।
जीतन राम मांझी ने कहा कि, आज बिहार के जेलों में जाइए, तो 70 प्रतिशत एक समाज के लोग आते हैं। चाहे बलात्कार का मामला हो, भूमि हड़पने का मामला हो, हत्या का मामला हो, यह सारे केसों में 70 प्रतिशत लोग, जो रिकॉर्ड है, सरकारी रिकॉर्ड है, कह सकते हैं कि एक ही राजनीतिक दल के लोग होते हैं।
ये भी पढ़ें- ‘2005 से पहले का बिहार याद कर लें’, जमुई कांड पर ललन सिंह ने तेजस्वी को घेरा, घर तक पहुंची बात



