चरखी दादरी पुलिस अधीक्षक लोगेश कुमार के मार्गदर्शन में एंटी नारकोटिक सेल और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने कई गांवों का दौरा कर नशामुक्त अभियान चलाया। इस दौरान अधिकारियों ने ग्रामीणों और युवाओं से सीधा संवाद कर नशे के खिलाफ एकजुट होने और अवैध गतिविधियों की सूचना देने की अपील की।

पुष्पेंद्र कुमार, चरखी दादरी। पुलिस अधीक्षक लोगेश कुमार, आईपीएस के कुशल नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में जिले को नशामुक्त बनाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे व्यापक जनजागरूकता अभियान के तहत सोमवार को पुलिस टीम ने विभिन्न गांवों में पहुंचकर ग्रामीणों को नशे के दुष्प्रभावों, कानूनी प्रावधानों एवं सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक किया।

अभियान के दौरान कान्हड़ा, बेरला, कुब्जानगर, पिचौपा खुर्द, निहालगढ़ एवं टोड़ी गांवों में एंटी नार्कोटिक सेल के निरीक्षक एवं यातायात थाना प्रभारी एसआई नागेश, एएसआई राहुल फौगाट, थाना बाढड़ा पुलिस तथा डायल-112 (ईआरवी) की संयुक्त टीम ने बड़ी संख्या में उपस्थित ग्रामीणों, युवाओं एवं गणमान्य नागरिकों से सीधा संवाद स्थापित किया।

नशे के दुष्प्रभावों के प्रति किया सचेत

पुलिस अधिकारियों ने उपस्थित लोगों को बताया कि नशा न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को प्रभावित करता है, बल्कि परिवार, समाज और आने वाली पीढ़ियों के भविष्य पर भी गंभीर दुष्प्रभाव डालता है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे नशे से स्वयं दूर रहें और अपने मित्रों एवं परिजनों को भी इसके दुष्परिणामों के बारे में जागरूक करें।

साथ ही यदि कहीं भी अवैध नशे की बिक्री, तस्करी या सेवन की जानकारी मिले तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी।

एनडीपीएस अधिनियम की दी जानकारी

इस अवसर पर पुलिस टीम ने नागरिकों को एनडीपीएस अधिनियम के तहत नशीले पदार्थों की खरीद-फरोख्त, तस्करी एवं अवैध गतिविधियों पर होने वाली कठोर कानूनी कार्रवाई के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी। अधिकारियों ने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई केवल पुलिस की नहीं, बल्कि पूरे समाज की साझा जिम्मेदारी है।

जब आमजन और पुलिस मिलकर कार्य करेंगे, तभी जिले को नशामुक्त बनाने का लक्ष्य सफलतापूर्वक प्राप्त किया जा सकेगा।

ग्रामीणों ने लिया नशामुक्त बनाने का संकल्प

ग्रामीणों ने पुलिस द्वारा चलाए जा रहे इस जनजागरूकता अभियान की सराहना करते हुए नशे के विरुद्ध हर संभव सहयोग का विश्वास दिलाया। उन्होंने अपने गांवों को नशामुक्त बनाने तथा युवाओं को सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ने में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प भी लिया।