चरखी दादरी पुलिस की अपराध शाखा ने महेंद्रगढ़ चौक पर नाकाबंदी कर बोलेरो गाड़ी से 6 किलो 900 ग्राम गांजे के साथ चार तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर एक आरोपी को 7 दिन के रिमांड पर लिया है, जबकि तीन को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
पुष्पेंद्र कुमार, चरखी दादरी। पुलिस अधीक्षक लोगेश कुमार के कुशल निर्देशन में जिले में नशा तस्करों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत अपराध शाखा दादरी पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए 6 किलो 900 ग्राम गांजा सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक बोलेरो गाड़ी भी बरामद की है, जिसका उपयोग नशीले पदार्थ की तस्करी में किया जा रहा था।
नाकाबंदी कर गाड़ी रोकी
पुलिस प्रवक्ता योगेश कुमार ने बताया कि वीरवार को अपराध शाखा दादरी में तैनात एएसआई विशाल अपनी टीम हेड कांस्टेबल अमित, हेड कांस्टेबल संदीप, सिपाही मंजीत, ईएएसआई कुलदीप के साथ सरकारी वाहन में महेंद्रगढ़ चौक, दादरी क्षेत्र में गश्त व अपराध रोकथाम ड्यूटी पर मौजूद थे। इसी दौरान एएसआई विशाल को सूचना मिली कि सौरभ निवासी लावण, कर्मबीर, प्रमोद तथा अभिषेक निवासी मालड़ा बास जिला महेंद्रगढ़ बोलेरो गाड़ी में भिवानी की ओर से गांजा लेकर महेंद्रगढ़ की तरफ जाने वाले हैं।
सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने तुरंत महेंद्रगढ़ चौक पर नाकाबंदी कर दी। कुछ समय बाद सूचना के मुताबिक बताए गए नंबर की बोलेरो गाड़ी आती दिखाई दी, जिसको टीम द्वारा रोककर उसमें सवार चारों व्यक्तियों से पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान चारों ने अपनी पहचान कर्मबीर, प्रमोद तथा अभिषेक निवासी मालड़ा बास व सौरभ निवासी लावण बताई।
तलाशी में गांजा बरामद
नशीला पदार्थ होने की आशंका पर राजपत्रित अधिकारी डीएसपी चरखी दादरी साहिल ढिल्लो (एचपीएस) की मौजूदगी में चारों शख्स और बोलेरो वाहन की नियमानुसार तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान बोलेरो की आगे वाली सीट के पास रखी एक पॉलिथीन से 6 किलो 900 ग्राम गांजा बरामद हुआ।
पुलिस ने बोलेरो गाड़ी व बरामद गांजे को नियमानुसार सील कर कब्जे में लिया और थाना शहर दादरी में आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
एक आरोपी पुलिस रिमांड पर
चारों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया। आरोपी कर्मबीर को पूछताछ के लिए 7 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है तथा आरोपी प्रमोद, अभिषेक व सौरभ को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पूछताछ के दौरान चारों आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे संयुक्त रूप से गांजा खरीदकर उसकी तस्करी करते थे तथा बिक्री से होने वाले मुनाफे को आपस में बराबर बांट लेते थे।


