चरखी दादरी की अपराध शाखा पुलिस टीम ने बस अड्डा खेड़ी बत्तर क्षेत्र से प्रवेश उर्फ पंडित को एक अवैध देशी पिस्टल के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ थाना सदर दादरी में शस्त्र अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर अदालत के आदेश पर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
पुष्पेंद्र कुमार, चरखी दादरी। अपराध शाखा चरखी दादरी की टीम ने अवैध हथियार रखने वालों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत कार्रवाई करते हुए एक युवक को अवैध देशी पिस्टल सहित गिरफ्तार किया है।
पुलिस प्रवक्ता योगेश कुमार से प्राप्त जानकारी के अनुसार अपराध शाखा दादरी की पुलिस टीम हेड कांस्टेबल संदीप कुमार, कांस्टेबल दिनेश, कांस्टेबल मनजीत तथा सरकारी वाहन चालक ईएचसी कुलदीप बस अड्डा खेड़ी बत्तर क्षेत्र में गश्त एवं अपराध रोकथाम के लिए मौजूद थे। इस दौरान पुलिस टीम को एक विश्वसनीय सूचना मिली कि गांव खेड़ी बत्तर निवासी प्रवेश उर्फ पंडित अपने पास अवैध हथियार लेकर बस अड्डा खेड़ी बत्तर के पास खड़ा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की।
मौके पर घेराबंदी कर दबोचा
मौके पर सूचना के मुताबिक बताए गए हुलिये के अनुसार एक युवक दिखाई दिया, जो पुलिस को देखकर भागने का प्रयास करने लगा, जिसे पुलिस टीम ने तत्परता से काबू में कर लिया। पूछताछ में उसने अपनी पहचान प्रवेश उर्फ पंडित निवासी गांव खेड़ी बत्तर के रूप में बताई।
नियमानुसार तलाशी लेने पर आरोपी की पहनी हुई जॉगर की जेब से एक अवैध देशी पिस्टल बरामद हुई। जांच के दौरान पिस्टल बिना मैगजीन के तथा अनलोड अवस्था में मिली। आरोपी से पिस्टल के संबंध में वैध लाइसेंस अथवा कोई अनुमति पत्र प्रस्तुत करने को कहा गया, लेकिन वह कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
कोर्ट में पेश कर भेजा जेल
बरामद देशी पिस्टल को नियमानुसार सील कर कब्जे में लिया गया तथा आरोपी के विरुद्ध थाना सदर दादरी में शस्त्र अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया गया। पूछताछ के बाद आरोपी को कोर्ट में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।


